​​​​​​​Visakhapatnam Steel Plant accident: मौत का आंकड़ा 9 पहुंचा, घायल मजदूर का भावुक वीडियो बना चर्चा का केंद्र

खबर सार :-
विशाखापत्तनम स्टील प्लांट हादसा देश के औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों की गंभीर चुनौती को उजागर करता है। नौ लोगों की मौत और कई कर्मचारियों के घायल होने की यह घटना कार्यस्थल सुरक्षा पर नए सिरे से विचार करने की जरूरत बताती है। सरकार और प्रबंधन द्वारा घोषित राहत महत्वपूर्ण है, लेकिन भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।
​​​​​​​Visakhapatnam Steel Plant accident: मौत का आंकड़ा 9 पहुंचा, घायल मजदूर का भावुक वीडियो बना चर्चा का केंद्र
खबर विस्तार : -

Visakhapatnam Steel Plant accident: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में सोमवार को हुए दर्दनाक औद्योगिक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। बुधवार को अस्पताल में उपचार के दौरान एक और घायल कर्मचारी ने दम तोड़ दिया। इस घटना ने न केवल स्टील प्लांट के कर्मचारियों बल्कि पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। अस्पताल में इळाज के दौरान मरने वाले कर्मचारी की पहचान पिदिरजू के रूप में हुई है, जो प्लांट में कॉन्ट्रैक्ट वर्कर के तौर पर कार्यरत थे। हादसे के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में सेवन हिल्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इससे पहले इस दुर्घटना में आठ कर्मचारियों की जान जा चुकी थी।

विशाल लैडल फटने की वजह से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार सोमवार को स्टील प्लांट में पिघले हुए स्टील से भरा एक विशाल लैडल (विशेष बर्तन) अचानक फट गया। लैडल में मौजूद स्टील का तापमान लगभग 1,500 डिग्री सेल्सियस था। विस्फोट के बाद बड़ी मात्रा में पिघला हुआ स्टील बाहर निकल गया, जिससे आसपास काम कर रहे कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही कई कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।

Visakhapatnam Steel Plant accident-Ladle Blast-Pawan Kalyan compensation

सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो वायरल

इस दुर्घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो अस्पताल ले जाते समय घायल पिदिरजू का बताया जा रहा है। वीडियो में उन्होंने अपने बड़े बेटे वर्मा को परिवार की जिम्मेदारी संभालने की सलाह दी। उन्होंने बेटे से अपनी मां का ख्याल रखने और छोटे भाई की पढ़ाई हर हाल में जारी रखने की अपील की। यह वीडियो लोगों को भावुक कर रहा है और मजदूरों के संघर्षपूर्ण जीवन की झलक भी दिखा रहा है। फिलहाल हादसे में घायल पांच अन्य कर्मचारियों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर लगातार नजर रख रही है। प्रशासन ने घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।

उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने दुर्घटना स्थल का किया दौरा

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने मंगलवार को दुर्घटना स्थल का दौरा किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने मृतक कर्मचारियों के परिजनों के लिए कई राहत घोषणाएं कीं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक कर्मचारी के परिवार को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा परिवार के एक सदस्य को स्टील प्लांट में नौकरी भी प्रदान की जाएगी। गंभीर रूप से घायल और आईसीयू में भर्ती कर्मचारियों के लिए 10-10 लाख रुपये के विशेष मुआवजे की भी घोषणा की गई है। पवन कल्याण ने कहा कि स्थायी कर्मचारियों को रिटायरमेंट लाभ के रूप में 1.72 करोड़ रुपये तक की राशि मिलेगी, जबकि कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों के परिवारों को 45.75 लाख रुपये दिए जाएंगे।

Visakhapatnam Steel Plant accident-Pawan Kalyan compensation

स्टील प्लांट प्रबंधन वहन करेगा घायलों के इलाज का पूरा खर्च

उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी घायलों के इलाज का पूरा खर्च स्टील प्लांट प्रबंधन वहन करेगा। मृतक कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। साथ ही मृत कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु तक उनके परिवारों को स्टील प्लांट के क्वार्टर में मुफ्त आवास की सुविधा दी जाएगी। जो परिवार वर्तमान में टाउनशिप के बाहर किराए के मकानों में रह रहे हैं, उन्हें भी इच्छानुसार प्लांट टाउनशिप के भीतर आवास उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, हादसे के कारणों की जांच के लिए बोकारो स्टील प्लांट के विशेषज्ञों की तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति अपनी रिपोर्ट सौंपने के बाद आगे की कार्रवाई और जवाबदेही तय की जाएगी।

ये भी पढ़ें............Chhattisgarh: वेदांता पावर प्लांट में भीषण बॉयलर विस्फोट, 9 मजदूरों की मौत, 20 घायल

अन्य प्रमुख खबरें