लखनऊ अग्निकांड के बाद शाहजहांपुर में प्रशासन सख्त, दो रेस्टोरेंट सील

खबर सार :-

लखनऊ में आग लगने की एक बड़ी घटना के बाद, जिला प्रशासन ने आग से सुरक्षा के नियमों को नज़रअंदाज़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जिला मजिस्ट्रेट के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए, प्रशासन ने गड़बड़ियाँ पाए जाने के बाद दोनों प्रतिष्ठानों को सील कर दिया।
लखनऊ अग्निकांड के बाद शाहजहांपुर में प्रशासन सख्त, दो रेस्टोरेंट सील

खबर विस्तार : -

शाहजहांपुर: लखनऊ में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में फायर सेफ्टी मानकों की जांच तेज कर दी गई है। इसी क्रम में शाहजहांपुर जिला प्रशासन ने भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को सिविल लाइंस क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें दो रेस्टोरेंट में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उन्हें तत्काल सील कर दिया गया।

सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप

सिटी मजिस्ट्रेट रजनीकांत के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने शहर के विभिन्न होटल और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुर्गा होटल के बेसमेंट में संचालित ट्रीट रेस्टोरेंट और हंग्री प्वाइंट रेस्टोरेंट में फायर सेफ्टी और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया। गंभीर खामियों को देखते हुए प्रशासन ने दोनों प्रतिष्ठानों पर ताला लगाकर उन्हें बंद करा दिया।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए। प्रशासन का कहना है कि जिन संस्थानों में फायर सेफ्टी उपकरण, आपातकालीन निकास और अन्य अनिवार्य व्यवस्थाएं नहीं होंगी, उनके खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

सिटी मजिस्ट्रेट रजनीकांत ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी होटल, रेस्टोरेंट या व्यावसायिक प्रतिष्ठान को सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि फायर सेफ्टी मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा और आने वाले दिनों में शहर के अन्य होटल, रेस्टोरेंट, कॉम्प्लेक्स एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी गहन जांच की जाएगी। जिन प्रतिष्ठानों में खामियां मिलेंगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शहर के होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप की स्थिति है। कई प्रतिष्ठान संचालक अपने यहां फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच और सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने में जुट गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी व्यवसायियों से अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

यह भी पढ़ेंः-लखनऊ अग्निकांड के बाद झांसी में प्रशासन सख्त, 8 कोचिंग सेंटर सील, सुरक्षा मानकों की व्यापक जांच शुरू

अन्य प्रमुख खबरें