दो दिवसीय झांसी दौरे पर रहेंगे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कई कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत

खबर सार :-
यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 19 और 20 जून को झांसी के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वह 19 जून को नई दिल्ली से शताब्दी एक्सप्रेस से झांसी पहुंचेंगे और विभिन्न सामाजिक, संगठनात्मक और प्रशासनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
दो दिवसीय झांसी दौरे पर रहेंगे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कई कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत
खबर विस्तार : -

झांसीः उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री  केशव प्रसाद मौर्य 19 और 20 जून को झांसी के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह सामाजिक, संगठनात्मक और प्रशासनिक कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होंगे।

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री 19 जून को नई दिल्ली से शताब्दी एक्सप्रेस द्वारा झांसी पहुंचेंगे। आगमन के बाद वह बृजलालसागर लघु वाटिका में विशिष्ट जनों से मुलाकात करेंगे तथा पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री सदर बाजार क्षेत्र में आयोजित स्वच्छता एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वहीं आयकर भवन परिसर में स्थापित अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

दोपहर में सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता का आयोजन किया जाएगा, जहां वह प्रदेश सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और समसामयिक मुद्दों पर मीडिया से संवाद करेंगे। इसके अतिरिक्त वह पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास परियोजनाओं और जनहित से जुड़े विषयों की समीक्षा करेंगे।

व्यापारियों की समस्या पर की चर्चा

अपने दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वह झांसी विकास प्राधिकरण स्थित दीनदयाल सभागार में आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यशाला में किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभ और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।

शाम को वह शिवाजी नगर स्थित आवास पर व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल से भेंट करेंगे और व्यापारियों की समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा करेंगे। रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में प्रस्तावित है।

दौरे के दूसरे दिन 20 जून को उप मुख्यमंत्री सर्किट हाउस से प्रस्थान कर दतिया स्थित प्रसिद्ध माँ पीताम्बरा देवी शक्तिपीठ में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह दतिया हवाई पट्टी से राजकीय विमान द्वारा प्रयागराज के लिए रवाना होंगे। उप मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

यह भी पढ़ेंः-राम मंदिर चढ़ावा विवाद: योगी बोले- एसआईटी करेगी ‘दूध का दूध, पानी का पानी’, बस थोड़ा...

अन्य प्रमुख खबरें