न्याय और स्वास्थ्य का संगम: जिला जज अभय जैन को वैद्य हंसराज चौधरी ने भेंट की ‘कैंसर थ्रू आयुर्वेदिक लेंस’ पुस्तक

खबर सार :-

वैद्य हंसराज चौधरी ने पुस्तक के माध्यम से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के संदर्भ में आयुर्वेद की अवधारणाओं, प्राकृतिक उपचार पद्धति तथा अपने वर्षों के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि पुस्तक का उद्देश्य आयुर्वेद के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा समग्र स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है।
न्याय और स्वास्थ्य का संगम: जिला जज अभय जैन को वैद्य हंसराज चौधरी ने भेंट की ‘कैंसर थ्रू आयुर्वेदिक लेंस’ पुस्तक

खबर विस्तार : -

भीलवाड़ा: न्याय व्यवस्था और स्वास्थ्य जागरूकता का अनूठा संगम मंगलवार को भीलवाड़ा में देखने को मिला, जब जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभय जैन ने अपने न्यायालय कक्ष में श्री नवग्रह आश्रम के संस्थापक एवं आयुर्वेदाचार्य वैद्य हंसराज चौधरी से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, मानसिक स्वास्थ्य, योग और जनकल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान वैद्य हंसराज चौधरी ने अपनी चर्चित अंग्रेजी पुस्तक ‘Cancer Through Ayurvedic Lens’ जिला जज अभय जैन को भेंट कर उसके उद्देश्य और विषयवस्तु की जानकारी भी दी।

उन्होंने प्राकृतिक जीवनशैली, संतुलित आहार और योग को बेहतर स्वास्थ्य की आधारशिला बताते हुए कहा कि आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न कई समस्याओं का समाधान आयुर्वेद में निहित है।

सामाजिक सरोकारों और जनस्वास्थ्य पर हुआ विचार विमर्श

मुलाकात के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभय जैन ने भी आयुर्वेद, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक और शारीरिक संतुलन बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। न्यायिक सेवा जैसे अत्यंत जिम्मेदारी वाले क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों के लिए भी तनाव प्रबंधन और स्वास्थ्य संरक्षण बेहद महत्वपूर्ण है।

बैठक में सामाजिक सरोकारों और जनस्वास्थ्य को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान यह सहमति बनी कि निकट भविष्य में जिले के सभी न्यायिक अधिकारियों के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रस्तावित कार्यक्रम में योग, आयुर्वेद, तनावमुक्त जीवन, मानसिक स्वास्थ्य, संतुलित दिनचर्या और प्राकृतिक चिकित्सा के व्यावहारिक पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसका उद्देश्य न्यायिक अधिकारियों को व्यस्त कार्यशैली के बीच स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना होगा।

लगातार आयोजित हो रहे कार्यक्रम

वैद्य हंसराज चौधरी ने कहा कि जिला जज अभय जैन का स्नेह, मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच सदैव प्रेरणादायक रही है। उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में संयुक्त प्रयासों पर भी चर्चा हुई।

उल्लेखनीय है कि श्री नवग्रह आश्रम द्वारा आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आश्रम की ओर से संचालित जनसेवा और स्वास्थ्य चेतना अभियान जिले में व्यापक चर्चा का विषय बने हुए हैं। लोगों के बीच आयुर्वेद के प्रति बढ़ती जागरूकता और विश्वास को देखते हुए ऐसे प्रयासों को सकारात्मक पहल माना जा रहा है।

यह भी पढ़ेंः-गोलीराव तालाब के निकासी द्वार को दो फीट नीचे किए जाने पर भड़का लोगों का गुस्सा, आंदोलन की चेतावनी
 

अन्य प्रमुख खबरें