अयोध्या यश म्यूजिकल ट्रस्ट ग्रुप द्वारा पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यशाला का आयोजन

खबर सार :-
यश म्यूजिकल ट्रस्ट ग्रुप ने पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यशाला के दौरान—जिसका मुख्य केंद्र अवध क्षेत्र का लोक संगीत और लोक नृत्य था—विभिन्न प्रकार के गीतों की प्रस्तुतियाँ दी गईं। इनमें सोहर, कजरी, झूला, बन्ना-बन्नी, विवाह गीत, सुहाग, कृषि गीत, श्रम गीत, गारी और अन्य गीत शामिल थे।

अयोध्या यश म्यूजिकल ट्रस्ट ग्रुप द्वारा पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यशाला का आयोजन
खबर विस्तार : -

अयोध्याः यश म्यूजिकल ट्रस्ट ग्रुप द्वारा मसौधा स्थित पृथ्वीराज चौहान इंटर कॉलेज में एकदिवसीय पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ विद्यालय के प्रधानाचार्य राम कृपाल चौहान एवं संस्था की अध्यक्षा संगीता आहूजा द्वारा किया गया।

बच्चों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा

कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से प्रधानाचार्य राम कृपाल चौहान को भगवान श्रीराम का प्रतीक चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात आयोजित संगीत एवं नृत्य कार्यशाला में इंटरमीडिएट तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भारतीय पारंपरिक संगीत एवं लोकनृत्य की बारीकियों को सीखा।

अपने संबोधन में प्रधानाचार्य राम कृपाल चौहान ने कहा कि संस्था द्वारा बच्चों को भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने संस्था के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यशाला के दौरान अवध क्षेत्र के लोक संगीत एवं लोक नृत्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। कलाकारों ने सोहर, कजरी, झूला, बन्ना-बन्नी, विवाह गीत, सुहाग गीत, किसानी गीत, श्रम गीत और गारी जैसे पारंपरिक लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं लोकनृत्य सत्र में बधावा, फरवाही, कहरूवा, जोगनी और धोबिया लोकनृत्य के इतिहास, शैली और महत्व के बारे में बच्चों को विस्तार से बताया गया। बधावा लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यशाला में संगीता आहूजा ने बच्चों को संगीत और नृत्य की बारीकियों से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ नई कलाओं को सीखते हुए मंच पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में प्रस्तुति देने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कलाकारों में सुमिष्ठा मित्रा, तोषी तिवारी, देव मित्रा, यश कुमार, लक्ष्मी विश्वकर्मा, बिंदु निषाद, दिलीप, उन्नति मित्रा एवं संतोष कुमार उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से प्राध्यापक विजय सिंह, अध्यापिका प्रज्ञा चौहान, राजकुमारी एवं कंचन वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अन्य प्रमुख खबरें