अयोध्याः अयोध्या में परिषदीय विद्यालयों के बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें राज्य स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देने के उद्देश्य से आयोजित 36वीं राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन डाभासेमर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और गुब्बारे उड़ाकर किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न मंडलों से आए प्रतिभागी बच्चों, शिक्षकों और अधिकारियों की उपस्थिति से पूरा परिसर उत्साह और ऊर्जा से भर गया।
कार्यक्रम में एडी बेसिक अयोध्या कौस्तुभ कुमार सिंह तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद ने मुख्य अतिथि और अन्य जनप्रतिनिधियों का बैज अलंकरण कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि को अयोध्या की पहचान स्वरूप श्री राम मंदिर की प्रतिकृति और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न मंडलों से आए छात्र-छात्राओं के शानदार मार्च पास्ट से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने मुख्य अतिथि को सलामी दी। इसके बाद प्रस्तुत स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता के दौरान सुल्तानपुर की छात्रा अनुश्री ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन की शपथ दिलाई। इसके बाद मशाल दौड़ के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ हुआ। राज्य के अलग-अलग जिलों से आए नौनिहाल खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया।
मुख्य अतिथि संदीप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों में भागीदारी से बच्चों में टीम भावना, प्रतिस्पर्धा की भावना, अनुशासन और चुनौतियों का सामना करने का साहस विकसित होता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं हैं बल्कि बच्चों के मानसिक विकास और चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि खेल जीवन में नियमों का पालन करना और नियमित दिनचर्या अपनाना सिखाते हैं। मैदान में हार और जीत दोनों का महत्व होता है, लेकिन हार किसी भी खिलाड़ी के लिए अंत नहीं बल्कि एक नई शुरुआत होती है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज मैदान में खेल रहे कई बच्चे भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। मंत्री ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए एडी बेसिक अयोध्या सहित सभी व्यायाम शिक्षकों, शिक्षकों और आयोजन से जुड़े अधिकारियों की सराहना की।
इस अवसर पर रामचंद्र यादव (विधायक रुदौली) ने कहा कि सरकार की योजनाओं और प्रोत्साहन के कारण ग्रामीण अंचल के बच्चे भी अब ब्लॉक, जिला, मंडल और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। वहीं चंद्रभान पासवान (विधायक मिल्कीपुर) ने कहा कि वर्तमान सरकार में खेलों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है और वे बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। बीजेपी के जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया और प्रतिभागी बच्चों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में देवीपाटन के एडी बेसिक रमापति राम त्रिपाठी, झांसी के एडी बेसिक संतोष देव पांडे, गोरखपुर की एडी बेसिक संगीता सिंह, अमेठी के बीएसए संजय तिवारी, बाराबंकी के बीएसए नवीन पाठक, अंबेडकरनगर के बीएसए शैलेश पटेल, जिला व्यायाम शिक्षक विश्वनाथ सिंह तथा मंडलीय व्यायाम शिक्षक राहुल तिवारी सहित कई अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के बेसिक विद्यालयों का व्यापक कायाकल्प हुआ है। अब अधिकांश विद्यालयों में शौचालय, स्वच्छ पेयजल, बिजली, स्मार्ट कक्षाएं और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक भी लगातार मेहनत कर रहे हैं, जिसके कारण बच्चे शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्राथमिक स्तर
400 मीटर बालिका वर्ग दौड़ में विदुषी पांडेय (गाजीपुर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रोशनी (कासगंज) द्वितीय स्थान पर रहीं।
400 मीटर बालक वर्ग में कार्तिक (अमरोहा) प्रथम, संजय (उन्नाव) द्वितीय तथा राजेंद्र (गाजीपुर) तृतीय स्थान पर रहे।
जूनियर वर्ग
600 मीटर बालिका वर्ग दौड़ में अतिया (देवरिया) प्रथम स्थान पर रहीं। शिवांगी यादव (जौनपुर) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि करिश्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
600 मीटर बालक वर्ग में आकाश (गाजीपुर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अर्जुन (रामपुर) द्वितीय तथा अमन (बुलंदशहर) तृतीय स्थान पर रहे।
आयोजन ने न केवल बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया बल्कि खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता के आगामी चरणों में अन्य खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रदेश भर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
अन्य प्रमुख खबरें
हर्ष नर्सिंग कॉलेज में आयोजित हुआ कार्यक्रम, छात्राओं ने दीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ उतरी AAP, केंद्र पर साधा निशाना
पीलीभीत में भीषण सड़क हादसा: NH-730 पर अनियंत्रित होकर पलटी डबल डेकर बस, 40 यात्री घायल
पीलीभीत: एक ही मंडप में गूंजेंगे मंत्र और निकाह की आयतें, 425 जोड़े थामेंगे एक-दूसरे का हाथ
पहली बार सर्व समाज का भव्य होली मिलन समारोह, फूलों की होली में झूमे लोग
दिल्ली दंगा केस: शरजील इमाम को बड़ी राहत, शादी में शामिल होने के लिए मिली अंतरिम जमानत
कूनो में फिर गूंजी किलकारी: चीता ‘ज्वाला’ ने दिए 5 शावकों को जन्म, भारत में संख्या पहुंची 53
Jhansi Medical College: संविदा डॉक्टरों की नौकरी पर खतरा, प्रिंसिपल के फैसले से मचा हड़कंप
निष्पक्ष जांच न होने के कारण क्षेत्र पंचायत के सदस्य ने आत्महत्या करने की दी चेतावनी
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 64 महिलाओं को मिला ‘स्वयंसिद्धा सम्मान’
मिल्कीपुर में धूमधाम से आयोजित हुआ होली मिलन समारोह, नेताओं ने दिया सौहार्द का संदेश
टेट की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक संगठनों की बैठक आयोजित, चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार
महिलाएं आज किसी भी कृपा की मोहताज नहीं हैं : डॉ. रानी अवस्थी
रंगों और उत्साह से सराबोर हुआ परमहंस महाविद्यालय, रंगोत्सव बना आकर्षण का केंद्र