Zimbabwe vs Oman T20 World Cup Warm-up Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 11वें वार्म-अप मैच में ओमान ने ज़िम्बाब्वे को 4 विकेट से करारी शिकस्त दी। गुरुवार को कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए मैच में जिम्बाब्वे ने 7 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। जवाब में ओमान ने 19.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। ओमने के लिए जतिंदर सिंह (jatinder singh) ने 55 रनों की तूफानी पारी खेली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ज़िम्बाब्वे को अपने ओपनिंग जोड़ी ब्रायन बेनेट और ब्रेंडन टेलर की बदौलत शानदार शुरुआत मिली। दोनों बल्लेबाजों ने 7.4 ओवर में 86 रन जोड़े। ब्रायन 3 छक्के और 7 चौकों की मदद से 28 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए, जबकि टेलर 20 गेंदों में 26 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हो गए। जब स्कोर 94 रन पर पहुंचा तब तक टीम के 4 विकेट गिर चुके थे।
वहां से डियोन मायर्स और तशिंगा मुसेकिवा ने पांचवें विकेट के लिए 43 रन जोड़े। मायर्स 26 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मुसेकिवा ने 9 चौकों की मदद से 28 गेंदों में 54 रनों की नाबाद पारी खेली। विपक्षी टीम के लिए सूफियान महमूद ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए, जबकि नदीम खान ने 2 विकेट लिए। शाह फैसल ने एक विकेट लिया।
ज़िम्बाब्वे के 188 रनों के लक्ष्य के जवाब में ओमान ने 19.2 ओवर में जीत हासिल कर ली। टीम के लिए आमिर कलीम और जतिंदर सिंह ने 2.2 ओवर में 28 रन जोड़े। आमिर 2 छक्के और 2 चौकों की मदद से 11 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद जतिंदर सिंह और हम्माद मिर्ज़ा ने दूसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 79 रन जोड़े। हम्माद 7 चौकों की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जतिंदर ने मोर्चा संभाला और 1 छक्के और 8 चौकों की मदद से 33 गेंदों में 55 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए।
जब टीम का स्कोर 119 रन हुआ, तब तक टीम के 3 विकेट गिर चुके थे। वहां से, करण सोनावले और जितेन रामानंदी ने 41 रन की पार्टनरशिप की, जिससे टीम जीत के करीब पहुँच गई। जितेन 18 गेंदों में 34 रन बनाकर नॉट आउट रहे, जिसमें उन्होंने 2 छक्के और 4 चौके लगाए, जबकि कप्तान विनायक शुक्ला ने टीम के टोटल में 10 रन का योगदान दिया। विपक्षी टीम के लिए, ब्लेसिंग मुजरबानी ने सबसे ज़्यादा 2 विकेट लिए, जबकि ब्रैड इवांस, ग्रीम क्रेमर और रयान बर्ल ने एक-एक विकेट लिया।
अन्य प्रमुख खबरें