T20 World Cup 2026 Broadcast : क्रिकेट प्रेमियों का इंतज़ार अब खत्म होने वाला है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने आगामी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के लिए लाइव टेलीकास्ट के व्यापक इंतजामों की घोषणा कर दी है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाला यह बड़ा टूर्नामेंट न केवल मैदान पर, बल्कि डिजिटल और टीवी स्क्रीन पर भी इतिहास रचने के लिए तैयार है। इस बार टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनके बीच 55 रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत7 फरवरी से होगा, जबकि खिताबी भिड़ंत 8 मार्च को तय की गई है।
भारतीय दर्शकों के लिए इस बार क्रिकेट देखने का अनुभव बिल्कुल नया होने वाला है। भारत में टूर्नामेंट के प्रसारण अधिकार जियोस्टार (JioStar) के पास हैं। क्रिकेट प्रेमी टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनलों के माध्यम से मैचों का आनंद ले सकेंगे। वहीं, डिजिटल दुनिया में कदम रखने वाले फैंस के लिए जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप लाइव स्ट्रीमिंग का आधिकारिक ठिकाना होगा।
भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को सम्मान देते हुए, आईसीसी (ICC) और ब्रॉडकास्टर्स ने क्रिकेट के रोमांच को देश के कोने-कोने तक पहुँचाने के लिए एक अच्छी कोशिश की है। इस बार टूर्नामेंट का प्रसारण केवल चुनिंदा भाषाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे कई क्षेत्रीय भाषाओं में पेश करने का निर्णय लिया गया है ताकि हर प्रशंसक अपनी मातृभाषा में खेल का आनंद ले सके।
मुख्यधारा के दर्शकों के लिए अंग्रेजी और हिंदी के साथ-साथ दक्षिण भारत के बड़े दर्शक वर्ग को ध्यान में रखते हुए तमिल, तेलुगु और कन्नड़ में कमेंट्री उपलब्ध रहेगी। डिजिटल प्लेटफॉर्म 'जियोहॉटस्टार' पर भाषाई दायरा और बढ़ाते हुए बंगाली, भोजपुरी और हरियाणवी जैसी लोकप्रिय क्षेत्रीय भाषाओं का विकल्प भी दिया जाएगा। भारतीय टीम के मैचों, सेमीफाइनल और फाइनल जैसे बड़े मुकाबलों के लिए मराठी भाषा को भी शामिल किया गया है। यह अलग-अलग भाषाओं वाला तरीका न केवल दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाएगा, बल्कि क्रिकेट के प्रति भारत के अटूट प्रेम को एक नई ऊंचाई प्रदान करेगा। इतना ही नहीं, मोबाइल यूजर्स के लिए वर्टिकल लाइव फीड और 360 डिग्री व्यू जैसे तकनीकी फीचर्स भी दिए गए हैं, जिससे दर्शक अपनी पसंद के कैमरा एंगल से मैच देख सकेंगे।
मैदान और स्क्रीन के अलावा, इस बार आईसीसी ने दर्शकों तक पहुँचने के लिए पारंपरिक और आधुनिक दोनों रास्तों को चुना है। भारत में पीवीआर-इनॉक्स (PVR-Inox) सिनेमाघरों के बड़े पर्दे पर महत्वपूर्ण मैचों का सीधा प्रसारण किया जाएगा। वहीं, जो लोग यात्रा के दौरान मैच से जुड़े रहना चाहते हैं, उनके लिए ऑल इंडिया रेडियो (AIR) लाइव ऑडियो कमेंट्री उपलब्ध कराएगा। श्रीलंका में डेराना एफएम और यूके में बीबीसी रेडियो पर भी बॉल-बाय-बॉल कमेंट्री सुनी जा सकेगी।
आईसीसी ने वैश्विक स्तर पर भी प्रसारण के पुख्ता इंतजाम किए हैं। हर महाद्वीप के क्रिकेट फैंस के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स को अधिकृत किया गया है:
इस बार का टी20 विश्व कप इटली के लिए बेहद खास है, क्योंकि उनकी टीम पहली बार इस बड़े मंच पर उतरेगी। इसे देखते हुए स्काई इटालिया इटली के सभी मैचों सहित नॉकआउट मुकाबलों का लाइव प्रसारण करेगा। मुख्य टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले होने वाले आधिकारिक वार्म-अप मैचों को भी टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखाया जाएगा। इससे फैंस को अपनी पसंदीदा टीमों की तैयारियों और फॉर्म को समझने का मौका मिलेगा। आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 तकनीक और सबको साथ लेकर चलने का एक बेहतरीन उदाहरण पेश करने जा रहा है। 8 भाषाओं से लेकर वर्टिकल फीड तक, इस बार क्रिकेट देखना केवल एक खेल नहीं बल्कि एक शानदार मौका होगा।
अन्य प्रमुख खबरें