SRH vs PBKS LIVE Score: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 49वें मुकाबल में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 33 रनों से हरा दिया। बुधवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 235 रन बनाए। जवाब में पंजाब की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 202 रन ही बना पाई। पंजाब के लिए कूपर कॉनली (Cooper Connolly) ने शानदार शतकीय पारी खेली लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
पंजाब किंग्स की यह इस सीजन में लगातार तीसरी हार है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद ने सातवीं जीत हासिल की। इसी के साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद IPL 2026 की पॉइंट्स टेबल में टॉप स्थान हासिल कर लिया है। अपने 11 मैचों में से 7 मैच जीतकर, सनराइजर्स हैदराबाद दो स्थान ऊपर चढ़कर पॉइंट्स टेबल के शिखर पर पहुंच गई है, जबकि पंजाब किंग्स लगातार तीसरा मैच हारने के बाद दूसरे स्थान पर खिसक गई है। पंजाब ने अब तक अपने 10 मैचों में से 6 मैच जीते हैं।
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए, सनराइजर्स हैदराबाद ने 4 विकेट के नुकसान पर कुल 235 रन बनाए। पारी की शुरुआत करते हुए, अभिषेक शर्मा ने ट्रैविस हेड के साथ मिलकर सिर्फ 21 गेंदों में 54 रनों की साझेदारी की। अभिषेक 13 गेंदों में 35 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद, ट्रैविस हेड ने ईशान किशन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़े। ट्रैविस 19 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए; उनकी पारी में 3 छक्के और उतने ही चौके शामिल थे।
जब टीम का स्कोर 84 रन तक पहुंचा तब तक SRH अपने दोनों ओपनर्स को खो चुकी थी। उस समय से ईशान किशन (Ishan Kishan) ने हेनरिक क्लासेन (Heinrich Klaasen) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 88 रन जोड़े, जिससे टीम एक मजबूत स्थिति में पहुंच गई। ईशान 32 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुए; उनकी पारी में 4 छक्के और 2 चौके शामिल थे। जबकि क्लासेन 43 गेंदों में 69 रनों की पारी खेली। वहीं नीतीश रेड्डी 13 गेंदों में 29 रन बनाकर नाबाद रहे। विरोधी टीम की ओर से अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल और विजयकुमार वैशाक ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में पंजाब किंग्स अपने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर केवल 202 रन ही बना सकी। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही; PBKS ने 1.1 ओवर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को खो दिया था, और स्कोर केवल 4 रन था। इसके बाद कूपर कोनोली ने पारी की कमान संभाली। उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर (5) के साथ तीसरे विकेट के लिए 19 रन जोड़े, और फिर मार्कस स्टोइनिस (28) के साथ 20 गेंदों में 40 रनों की साझेदारी की। 63 के स्कोर पर टीम को चौथा झटका लगा, जिसके बाद कोनोली ने सूर्यांश शेडगे के साथ पांचवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 47 रन जोड़कर टीम को मुश्किल से निकालने की कोशिश की। सूर्यांश ने 17 गेंदों में 25 रनों की पारी खेली।
कूपर कोनोली (Cooper Connolly) ने 19.4वें ओवर में अपना पहला IPL शतक पूरा किया, लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। कोनोली 59 गेंदों में 107 रन बनाकर नाबाद रहे; उनकी इस पारी में 8 छक्के और 7 चौके शामिल थे। विरोधी टीम की ओर से शिवांग कुमार और पैट कमिंस ने दो-दो विकेट लिए, जबकि नीतीश रेड्डी, ईशान मलिंगा और साकिब हसन ने एक-एक विकेट लिया।