NZW vs SAW 4thT20: सोफी डिवाइन की विस्फोटक पारी...साउथ अफ्रीका को हराकर न्यूजीलैंड ने टी20 सीरीज पर किया कब्जा

खबर सार :-
NZW vs SAW 4th t20 Highlights: रविवार को खेले गए चौथे T20 मैच में न्यूज़ीलैंड की महिला टीम ने साउथ अफ्रीका की महिला टीम को 6 विकेट से हरा दिया। सीरीज का अंतिम मैच 25 मार्च को क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में खेला जाएगा।

NZW vs SAW 4thT20: सोफी डिवाइन की विस्फोटक पारी...साउथ अफ्रीका को हराकर न्यूजीलैंड ने टी20 सीरीज पर किया कब्जा
खबर विस्तार : -

New Zealand Women vs South Africa Women 4th T20:  न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज के चौथे मुकाबले में साउथ अफ्रीका को छह विकेट से हरा दिया। दक्षिण अफ्रीका ने द्वारा दिए गए  160 रनों के लक्ष्य को  न्यूजीलैंड ने 18.3 ओवर में हासिल कर लिया। न्यूजीलैंड के लिए सोफी डिवाइन (Sophie Devine) ने 64 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने टी20 सीरीज में 3-1 से कब्जा कर लिया है। सीरीज का आखिरी मैच 25 मार्च को क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में खेला जाएगा।

NZW vs SAW: दक्षिण अफ्रीका ने बनाए थे 159 रन

वेलिंगटन में रविवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और अपने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर कुल 159 रन बनाए। टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी एनेरी डर्कसेन रहीं; उन्होंने 32 गेंदों में नाबाद 55 रनों की पारी खेली। उनकी पारी में आठ चौके और एक छक्का शामिल था।

डर्कसेन के अलावा, ओपनर सुने लुस ने 29 गेंदों में 30 रनों का योगदान दिया, जिसमें चार चौके शामिल थे। इसके अलावा, नादिन डी क्लर्क ने 20 रन, क्लो ट्रायोन ने 14 रन, कायला रोनाकी ने 13 रन और कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने 10 रन बनाए। न्यूज़ीलैंड की ओर से जेस केर ( Jess Kerr) सबसे सफल गेंदबाज़ रहीं, जिन्होंने अपने चार ओवरों में सिर्फ़ 16 रन देकर तीन विकेट लिए। जबकि कप्तान अमेलिया केर और सोफी डिवाइन ने एक-एक विकेट लिया।

New Zealand vs South Africa:  सोफी डिवाइन ने खेली 64 रनों की तूफानी पारी 

160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूज़ीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विकेटकीपर-बल्लेबाज़ इसाबेला गेज सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद, जॉर्जिया प्लिमर और कप्तान अमेलिया केर ने पारी को आगे बढ़ाया। जहां जॉर्जिया ने 22 गेंदों में 29 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल थे, वहीं कप्तान केर ने 29 गेंदों में 31 रनों की पारी खेली, जिसमें चार चौके शामिल थे। इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद, अनुभवी सोफी डिवाइन (Sophie Devine) ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई।

 उन्होंने 34 गेंदों में 64 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें चार छक्के और छह चौके शामिल थे। ब्रुक हॉलिडे 16 रनों पर नाबाद रहीं, जबकि मैडी ग्रीन 9 रनों पर नाबाद लौटीं। डिवाइन की इस पारी की बदौलत, न्यूजीलैंड ने 18.3 ओवरों में ही लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से, क्लो ट्राइऑन ने दो विकेट लिए, जबकि डर्कसन और नॉनकुलुलेको म्लाबा ने एक-एक विकेट हासिल किया।

अन्य प्रमुख खबरें