NZ vs SA 4th T20I Highlights: न्यूजीलैंड बनाम साउथ अफ्रीका ( New Zealand vs South Africa) के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकबाला रविवार को वेलिंगटन में खेला गया। साउथ अफ्रीका ने दो हार के बाद शानदार वापसी करते हुए चौथे मुकाबले में न्यूजीलैंड को 19 रनों से हराकर सीरीज 2-2 से बराबर कर ली है। अफ्रीका द्वारा दिए गए 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड सिर्फ 145 रन ही बना सका।
165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम के बल्लेबाजों ने साउथ अफ्रीका के गेंदबाजी आक्रमण के सामने घुटने टेक दिए और 18.5 ओवर में 145 रनों पर ही सिमट गई। सलामी बल्लेबाज टिम रॉबिन्सन ने सबसे ज़्यादा 32 रनों की पारी खेली, जबकि डेन क्लीवर ने 26 रनों का योगदान दिया। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज़ टिक नहीं सका। साउथ अफ्रीका की ओर से गेराल्ड कोएत्ज़ी ने 3 विकेट लिए; ओटनील बार्टमैन, पी सुब्रायन और केशव महाराज ने 2-2 विकेट लिए; और वियान मुल्डर ने 1 विकेट लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फ़ैसला करने के बाद साउथ अफ्रीका ने 5 विकेट के नुक़सान पर कुल 164 रन बनाए। विकेटकीपर-बल्लेबाज़ कॉनर एस्टरहुइज़न ने सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलते हुए 57 रन बनाए। 36 गेंदों की इस पारी में एस्टरहुइज़न ने 3 छक्के और 7 चौके लगाए। इसके अलावा, टोनी डी जोरजी ने 23 रन, रुबिन हरमन ने 28, डियान फ़ॉरेस्टर ने 19 और जेसन स्मिथ ने 19 रन बनाए। न्यूज़ीलैंड की ओर से काइल जैमीसन (kyle jamieson) ने 2 विकेट लिए, जबकि जैकरी फ़ॉक्स, बेंजामिन सियर्स और कोल मैककॉन्ची ने 1-1 विकेट लिया। सीरीज़ अब 2-2 से बराबर है। दरअसल साउथ अफ्रीका ने पहला मैच 7 विकेट से जीता था। इसके बाद न्यूजीलैंड ने लगातार दो मुकाबले जीते। अब पांचवां और निर्णायक मैच 25 मार्च को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा।
बता दें कि पुरुषों की टीम के साथ-साथ दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम भी इस समय पांच मैचों की T20 सीरीज़ के लिए न्यूजीलैंड के दौरे पर है। हालांक अफ्रीका की महिला टीम यह T20 सीरीज़ पहले ही हार चुकी है, क्योंकि न्यूज़ीलैंड ने 3-1 की अजेय बढ़त बना ली है। महिला टीम का पांचवां और आखिरी मैच भी 25 मार्च को क्राइस्टचर्च में ही खेला जाएगा। दरअसल महिला T20 विश्व कप 2026 तेजी से नजदीक आ रहा है, ऐसे में महिला टीम का पूरा ध्यान इस समय T20 क्रिकेट पर ही केंद्रित है। ऑस्ट्रेलियाई टीम भी इस समय T20 सीरीज के लिए वेस्ट इंडीज के दौरे पर है।
अन्य प्रमुख खबरें