LSG vs GT IPL 2026 Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का 19वां मैच रविवार को लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में गुजरात टाइटन्स (GT) ने लखनऊ सुपर जायट्ंस को सात विकेट से हरा दिया। टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 164 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात टाइटन्स ने 18.4 ओवरों में सिर्फ 3 विकेट खोकर 165 रन बनाकर मैच जीत लिया। गुजरात के लिए गिल (shubman gill ) और बटलर (jos buttler) ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
इस जीत के साथ गुजरात के अब चार मैचों में चार अंक हो गए हैं । टीम पॉइंट्स टेबल पर पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। लखनऊ के लिए यह चार मैचों में उनकी दूसरी हार है; उनके भी चार अंक हैं और वे फिलहाल पॉइंट्स टेबल पर छठे स्थान पर हैं।
LSG vs GT IPL 2026 Highlights: गिल-बटलर ने जड़े अर्धशतक
लखनऊ के खिलाफ 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, गुजरात को सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल ने एक ठोस शुरुआत दी। इस जोड़ी ने शुरुआती पांच ओवरों में 45 रन जोड़े। टीम को पहला झटका साई सुदर्शन के आउट होने से लगा। सुदर्शन 14 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए; उनकी इस पारी में तीन चौके शामिल थे।
इसके बाद, शुभमन गिल ने रन बनाने की गति बढ़ाई और सिर्फ 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। जोस बटलर के साथ साझेदारी करते हुए, उन्होंने 12वें ओवर के अंत तक टीम के स्कोर को 100 रन के पार पहुंचा दिया। गिल की राह पर चलते हुए जोस बटलर ने भी अर्धशतक जड़ा। गिल 40 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हो गए। गिल के आउट होने के बाद जोस बटलर भी 37 गेंदों में 60 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
आखिर में वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया ने यह सुनिश्चित किया कि टीम का कोई और विकेट न गिरे और उन्होंने आठ गेंदें शेष रहते टीम को जीत दिला दी। सुंदर 13 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे,जबकि तेवतिया ने 8 गेंदों में नाबाद 10 रन बनाए। लखनऊ की ओर से मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और दिग्विजय राठी ने एक-एक विकेट लिया।
इससे पहले मैच में लखनऊ का बल्लेबाजी प्रदर्शन काफी फीका रहा। LSG ने अपने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर कुल 164 रन बनाए। टीम का कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं बना सका। एडेन मार्करम 30 रनों के साथ टीम के शीर्ष स्कोरर रहे। उनके अलावा, निकोलस पूरन ने 21 गेंदों में 19 रनों का योगदान दिया, जिसमें दो छक्के शामिल थे।
कप्तान ऋषभ पंत, अब्दुल समद और मुकुल चौधरी ने 18-18 रन बनाए। जॉर्ज लिंडे ने 16 रनों का योगदान दिया, मोहम्मद शमी 12 रन बनाकर नाबाद रहे, मिशेल मार्श ने 11 रन बनाए और आयुष बडोनी ने 9 रनों का योगदान दिया। गुजरात की ओर से, प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए। वहीं, अशोक शर्मा ने दो विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने एक-एक विकेट हासिल किया।