India vs Pakistan T20 World Cup rain : कोलंबो की गलियों में क्रिकेट का बुखार चढ़ा हुआ है। भारत और पाकिस्तान के प्रशंसक सड़कों पर अपनी-अपनी जर्सियों में नजर आने लगे हैं। लेकिन इस बीच एक ऐसी खबर आई है जो करोड़ों फैंस का दिल तोड़ सकती है। रविवार की शाम जिस हाई-वोल्टेज मुकाबले का दुनिया को इंतजार है, उस पर काले बादलों का पहरा बैठने वाला है।

पिछले कुछ दिनों से कोलंबो में धूप खिली हुई थी, लेकिन रविवार का दिन कुछ अलग कहानी बयां कर रहा है। श्रीलंकाई मौसम विभाग की मानें तो बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसका सीधा असर आर. प्रेमदासा स्टेडियम के आसपास के इलाकों पर पड़ेगा। दिन की शुरुआत भले ही उमस और 30-31 डिग्री तापमान के साथ होगी, लेकिन दोपहर होते-होते आसमान का रंग बदलने की आशंका है। जानकारों का कहना है कि शाम 7 बजे मैच शुरू होने से ठीक पहले भारी गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। बारिश की संभावना 50 से 70 प्रतिशत तक जताई गई है।

अगर रविवार को इंद्रदेव अपनी मौजूदगी दर्ज कराते भी हैं, तो प्रशंसकों को एकदम से निराश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि आर. प्रेमदासा स्टेडियम का सुरक्षा चक्र किसी आधुनिक किले से कम नहीं है। इस मैदान की सबसे बड़ी ताकत यहाँ का ड्रेनेज सिस्टम और यहाँ का बेहद मुस्तैद ग्राउंड स्टाफ है। दुनिया के अन्य अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों के उलट, जहाँ बारिश होने पर सिर्फ मुख्य पिच को ही ढंका जाता है, प्रेमदासा में पूरे खेल क्षेत्र यानी आउटफील्ड को कवर करने की अनूठी क्षमता है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि भारी बारिश के बावजूद मैदान की मिट्टी पानी नहीं सोख पाती। जैसे ही बारिश रुकती है, यहाँ का स्टाफ मशीनों से ज्यादा अपने पारंपरिक हुनर और तालमेल पर भरोसा दिखाते हुए काम पर जुट जाता है। वे बड़ी ही कुशलता से पानी को एक कवर से दूसरे कवर पर धकेलते हुए उसे बाउंड्री के पास बने ड्रेनेज तक ले जाते हैं। यही वजह है कि मूसलाधार बारिश थमने के महज 45 से 60 मिनट के भीतर यह मैदान दोबारा खेल के लिए पूरी तरह तैयार हो जाता है।

फिलहाल ग्रुप-ए में भारत और पाकिस्तान दोनों के पास दो-दो मैचों के बाद 4 अंक हैं। बेहतर नेट रन रेट (+3.050) की वजह से भारत अंक तालिका में पाकिस्तान (+0.932) से ऊपर है। चूंकि ग्रुप स्टेज के मैचों के लिए कोई 'रिजर्व डे' नहीं रखा गया है, इसलिए अगर रविवार को एक भी गेंद नहीं फेंकी गई, तो दोनों टीमों को 1-1 अंक बांटना पड़ेगा। ऐसे में भारतीय टीम को खास नुकसान नहीं होगा, लेकिन क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह किसी त्रासदी से कम नहीं होगा।