CSK vs DC IPL 2026 Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 18वां मैच शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स के बीच MA चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में संजू सैमसन (Sanju Samson) की नाबाद सेंचुरी और जेमी ओवरटन (Jamie Overton) की घातक गेंदबाजी की बदौलत सीएसके ने दिल्ली को 23 रनों से हरा दिया। यह इस सीजन की चेन्नई की पहली जीत है। सीएसके द्वारा बनाए गए 212 रनों के जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 189 रनों पर ही सिमट गई।
चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा दिए गए 213 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को अच्छी शुरुआत मिली। KL राहुल और पथुम निसांका ने मज़बूत शुरुआत दिलाई। दोनों ने 4.6 ओवरों में पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े। हालांकि इसके बाद राहुल 18 रन निसांका ने 24 गेंदों में 41 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद समीर रिज़वी 6 रन, कप्तान अक्षर पटेल एक रन भी मैच में बल्ले से कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए। डेविड मिलर भी दिल्ली कैपिटल्स की नैया पार नहीं लगा पाए और 14 गेंदों में सिर्फ़ 17 रन ही बना सके।
जबकि आशुतोष शर्मा भी 10 गेंदों में 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि ट्रिस्टन स्टब्स ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 38 गेंदों में 60 रनों की ज़ोरदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बल्लेबाज़ों का साथ नहीं मिला और पूरी टीम 189 रनों पर सिमट गई। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से जेमी ओवरटन ने बेहतरीन गेंदबाज़ी करते हुए अपने 4 ओवरों में सिर्फ़ 18 रन देकर 4 विकेट चटकाए। जबकि अंशुल कंबोज ने 3 विकेट लिए।
इससे पहले, CSK ने 20 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 212 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ की सलामी जोड़ी इस सीज़न में पहली बार बेहतरीन लय में नज़र आई। दोनों ने मिलकर 6.2 ओवरों में पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। ऋतुराज 18 गेंदों का सामना करते हुए 15 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद, सैमसन को आयुष म्हात्रे के रूप में एक काबिल साथी मिला। इस जोड़ी ने दूसरे विकेट के लिए 68 गेंदों में 113 रनों की अहम साझेदारी की।

आयुष 36 गेंदों में 59 रन बनाकर 'रिटायर्ड आउट' हो गए। इसी बीच, संजू सैमसन ने 52 गेंदों में अपना चौथा IPL शतक पूरा किया। सैमसन ने 56 गेंदों में 115 रनों की एक यादगार नाबाद पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 4 छक्के शामिल थे। वहीं, शिवम दुबे ने 10 गेंदों में नाबाद 20 रन बनाए। गेंदबाज़ी की बात करें तो, DC की ओर से अक्षर पटेल ने एकमात्र विकेट लिया। यह दिल्ली कैपिटल्स की लगातार दूसरी हार है। जबकि चेन्नई की ये पहली जीत है।