भगवान महावीर के विचार सदैव मानवता के पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

खबर सार :-
जैन धर्म के 24वें तीर्थकर भगवान महावीर की जयंती पर देश भर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को महावीर जयंती की शुभकामनाएं दीं। पीएम ने कहा कि भगवान महावीर के विचार पीढ़ियों को मार्ग दिखाते रहेंगे। भगवान महावीर का जीवन और शिक्षाएं सत्य, अहिंसा और करूणा के मार्ग को प्रकाशित करती रहती हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी शुभकामनाएं दीं।

भगवान महावीर के विचार सदैव मानवता के पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
खबर विस्तार : -

नई दिल्ली : जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती है। जंयती पर देश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को महावीर जयंती की शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आज गुजरात में महावीर जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, सीएम योगी आदित्यनाथ सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने महावीर जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इनके विचार पीढ़ियों को मार्ग दिखाते रहेंगे। 

सत्य, अहिंसा और करुणा के मार्ग को प्रकाशित करता रहता है भगवान महावीर का जीवन 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, "भगवान महावीर जन्म कल्याणक के पवित्र अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान महावीर का जीवन और शिक्षाएं सत्य, अहिंसा और करुणा के मार्ग को प्रकाशित करती रहती हैं। उनके आदर्श आध्यात्मिक रूप से उत्थानकारी हैं और आज के समय में भी अत्यंत प्रासंगिक हैं।

समानता और दयालुता पर उनका जोर हमें समाज के प्रति हमारी साझा जिम्मेदारी की याद दिलाता है। एक अन्य पोस्ट में लिखा है, "सत्य, सद्भाव, सद्व्यवहार और समानता पर आधारित भगवान महावीर के संदेशों में अद्भुत प्रेरणा है। उनके महान विचार सदैव मानवता के पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे। श्रूयतां धर्मसर्वस्वं श्रुत्वा चैवावधार्यताम्। आत्मनः प्रतिकूलानि परेषां न समाचरेत्॥

कोबा तीर्थ स्थित सम्राट सम्प्रति संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गांधीनगर के कोबा तीर्थ स्थित सम्राट सम्प्रति संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। जहां सम्राट अशोक के पोते और जैन इतिहास के एक पूजनीय व्यक्ति सम्राट सम्प्रति के नाम पर नामित इस संग्रहालय में सात भाग हैं, जिनमें से प्रत्येक भारत की सभ्यतागत परंपराओं के एक विशिष्ट पहलू को समर्पित है।

प्रधानमंत्री ने संग्रहलाय की कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया एक्स पर साझा की है। इसके साथ लिखा है, "कोबा तीर्थ स्थित सम्राट सम्प्रति संग्रहालय की कुछ झलकियां यहां प्रस्तुत हैं, जिसका आज उद्घाटन किया जाएगा। ईश्वर महावीर के विचार सदा मानवता को शक्ति और आशा प्रदान करते रहें।

सानंद जीआईडीसी स्थित केयन्स सेमीकॉन प्लांट का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री के अनुसार, "यह संग्रहालय न केवल हमारी विरासत को संरक्षित करता है बल्कि अनुकरणीय जैन संस्कृति और समाज पर इसके स्थायी प्रभाव को भी प्रदर्शित करता है। संग्रहालय के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी अहमदाबाद के सानंद जीआईडीसी में स्थित केयन्स सेमीकॉन प्लांट का उद्घाटन करेंगे, जो भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, "इससे भारत के सेमीकंडक्टर हब बनने के प्रयासों को और गति मिलेगी। इससे भारत को उच्च प्रौद्योगिकी विनिर्माण में आत्मनिर्भर बनने में प्रोत्साहन मिलेगा।

पीढ़ियों को मार्ग दिखाते रहेंगे उनके विचार

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "समस्त देशवासियों को महावीर जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं। त्याग, सत्य, अहिंसा के प्रतीक भगवान महावीर ने अपनी तपस्या से संपूर्ण मानव जाति के कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। उनके विचार पीढ़ियों को मार्ग दिखाते रहेंगे।

मानवता के लिए अमर पाथेय हैं भगवान महावीर की शिक्षाएं 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की पावन जयंती की सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। सत्य, अहिंसा, अस्तेय, अपरिग्रह और करुणा के शाश्वत सिद्धांतों से संपूर्ण विश्व को आलोकित करने वाली भगवान महावीर की शिक्षाएं मानवता के लिए अमर पाथेय हैं।

शांति, त्याग और संयम के प्रतीक हैं भगवान महावीर 

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "शांति, त्याग और संयम के प्रतीक भगवान महावीर की जयंती पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं! आइए, हम सब मिलकर उनके 'अहिंसा परमो धर्म' और 'जियो और जीने दो' के संदेश को आत्मसात करें और एक बेहतर समाज का निर्माण करें। 

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भगवान महावीर की जयंती की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। सत्य, अहिंसा, अपरिग्रह, अस्तेय और ब्रह्मचर्य के सिद्धांत के माध्यम से उन्होंने लोककल्याण की पावन प्रेरणा प्रदान की। उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूं।

शांति और करुणा की प्रेरणा देता है भगवान महावीर स्वामी का जीवन 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आप सभी को महावीर जयंती की हार्दिक शुभकामनाएँ। अहिंसा, सत्य और "जियो और जीने दो" का मार्ग दिखाने वाले भगवान महावीर स्वामी का जीवन शांति और करुणा की प्रेरणा देता है। प्रभु के सिद्धांत मानवता का मार्ग सदैव प्रशस्त करते रहें।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "अहिंसा परमो धर्म: अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और करुणा के दिव्य संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

जीवन को श्रेष्ठ, अनुशासित एवं सार्थक बनाने की देते हैं प्रेरणा 

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "अहिंसा, करुणा और सत्य के प्रतीक, जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की पावन जयंती पर समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! भगवान महावीर के दिव्य उपदेश मानवता को अहिंसा, आत्मसंयम, सदाचार और सामाजिक समरसता के मार्ग पर अग्रसर करते हुए जीवन को श्रेष्ठ, अनुशासित एवं सार्थक बनाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने आगे लिखा कि उनका तप, त्याग और करुणा से ओत-प्रोत जीवन मानव-कल्याण की आधारशिला है। उनकी अमूल्य शिक्षाएं सदैव मानवता को नैतिकता और संयम का मार्ग दिखाती रहेंगी।

अन्य प्रमुख खबरें