Ketan Agarwal murder case: सिया गोयल के साथ लोहागढ़ किले पर पुलिस ने कराया क्राइम सीन रीक्रिएशन

खबर सार :-

केतन अग्रवाल मर्डर केस की जांच तेज हो गई है। क्राइम सीन रिक्रिएशन और फोरेंसिक सबूतों के आधार पर पुलिस पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रही है। जांच के दौरान, लोनावाला पुलिस ने एक डमी बॉडी की मदद से पूरी घटना को रिक्रिएट किया।
Ketan Agarwal murder case: सिया गोयल के साथ लोहागढ़ किले पर पुलिस ने कराया क्राइम सीन रीक्रिएशन

खबर विस्तार : -

पूणेः पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले की गुत्थी सुलझाने और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने के लिए रविवार सुबह पुणे ग्रामीण पुलिस ने लोहागढ़ किले पर क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया। इस दौरान मुख्य आरोपी सिया गोयल को भी कड़ी सुरक्षा के बीच घटनास्थल पर लाया गया। पुलिस ने डमी बॉडी की सहायता से पूरे घटनाक्रम को दोबारा दोहराया, ताकि अब तक जुटाए गए साक्ष्यों का सत्यापन किया जा सके और जांच को और मजबूत बनाया जा सके।

सिया गोयल से घटनास्थल पर हुई पूछताछ

लोणावला पुलिस की मौजूदगी में हुए इस क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान सिया गोयल से घटनास्थल पर पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों ने उसके कथित बयानों के आधार पर घटना के हर चरण को समझने का प्रयास किया। जांच टीम ने यह भी देखा कि घटनास्थल की परिस्थितियां आरोपी के बयान से कितनी मेल खाती हैं। इस प्रक्रिया का उद्देश्य भौतिक साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ में सामने आई जानकारी के बीच सामंजस्य स्थापित करना था।

मामले के जांच अधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) गजानन टोंपे ने बताया कि पूछताछ के दौरान सिया गोयल द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम को दोबारा रीक्रिएट किया गया। उन्होंने कहा कि इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर मौजूद रहे। डमी बॉडी का इस्तेमाल कर घटना के क्रम को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप समझने की कोशिश की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

प्रेमी के साथ मिलकर रची थी साजिश

पुलिस जांच के अनुसार, 20 वर्षीय सिया गोयल की सगाई पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल से हुई थी। हालांकि, वह इस शादी के पक्ष में नहीं थी। जांच में सामने आया है कि सिया का 22 वर्षीय चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सिया ने कथित रूप से बताया कि यदि वह तय हो चुकी अरेंज मैरिज से इनकार करती तो परिवार की बदनामी होती। इसी वजह से उसने और चेतन ने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोप है कि 18 जून को केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले पर बुलाया गया, जहां सुनसान जगह पर मौका देखकर उसे गहरी खाई में धक्का दे दिया गया। इस घटना में उसकी मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस क्राइम सीन रीक्रिएशन, फॉरेंसिक साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।


यह भी पढ़ेंः-Ketan Agrawal Murder Case: शादी के सपने रह गए अधूरे, केतन हत्याकांड में पिता ने CM से मांगा इंसाफ, SIT जांच की मांग

अन्य प्रमुख खबरें