Pune Ketan Agarwal murder case: पिता के बयान से बदला एंगल, कहा- दोषियों को मिले फांसी की सजा

खबर सार :-

पुलिस और एसआईटी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं। जांच एजेंसियां घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, डिजिटल सबूतों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की हर कड़ी को जोड़ने का प्रयास कर रही हैं। इस बहुचर्चित हत्याकांड की जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और पूरी साजिश का खुलासा हो सकेगा।
Pune Ketan Agarwal murder case: पिता के बयान से बदला एंगल, कहा- दोषियों को मिले फांसी की सजा

खबर विस्तार : -

Pune Ketan Agarwal murder case: पुणे के पास स्थित लोहागढ़ किले में हुई केतन अग्रवाल की हत्या का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस मामले में मुख्य आरोपी के रूप में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। जांच के बीच शुक्रवार को केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने कई अहम दावे किए और कहा कि उनके बेटे की हत्या का कारण हेयर पैच नहीं हो सकता, क्योंकि सिया और उसके परिवार को इसकी जानकारी पहले से थी।

Pune Ketan Agarwal murder case:  सिया गोयल को पता थी हेयर पैच की सच्चाई

पत्रकारों से बातचीत में विशाल अग्रवाल ने कहा कि उनके बेटे केतन एक छोटा सा हेयर पैच इस्तेमाल करते थे और यह बात सगाई से पहले ही सिया गोयल तथा उसके परिवार को बता दी गई थी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या किसी व्यक्ति की हत्या का कारण सिर्फ इतना हो सकता है कि वह हेयर पैच का इस्तेमाल करता था? यदि सिया को यह स्वीकार नहीं था, तो वह विवाह से पहले ही रिश्ते से इनकार कर सकती थीं।

उन्होंने कहा कि इस तरह की दलील हत्या को सही नहीं ठहरा सकती। उनका कहना था कि पूरे मामले की जांच होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी और सभी तथ्यों का खुलासा होगा।

विशाल अग्रवाल ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से हुई मुलाकात का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मामले की सुनवाई में तेजी लाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें राज्य की न्याय व्यवस्था और जांच एजेंसियों पर पूरा भरोसा है।

Pune Ketan Agarwal murder case: पिता ने फांसी की मांग

केतन के पिता ने कहा कि उन्होंने आरोपियों के लिए मृत्युदंड की मांग की है। उनके अनुसार, उन्हें जानकारी मिली है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले ही विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जा चुका है, जो पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेकिंग पर जाने का प्रस्ताव केतन की ओर से रखा गया था, न कि सिया की ओर से। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना से पहले क्या परिस्थितियां बनी थीं। उन्होंने बताया कि उनकी जानकारी के अनुसार सिया ट्रेकिंग पर जाने के लिए तैयार थीं। वहीं, उन्हें सिया की कथित शराब पीने की आदतों या चेतन चौधरी के साथ उसकी दोस्ती के बारे में पहले कोई जानकारी नहीं थी।

सिया गोयल के माता-पिता ने व्यक्त किया दुख

दूसरी ओर, मुख्य आरोपी सिया गोयल के माता-पिता ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि केतन की मौत बेहद दुखद है और उनके परिवार की पीड़ा की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सबसे कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

सिया की मां पूजा गोयल ने भी घटना पर गहरा सदमा जताया। उन्होंने कहा कि जब उन्हें इस वारदात की जानकारी मिली तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ कि ऐसा भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि केतन एक अच्छा और संस्कारी युवक था तथा उसके परिवार पर जो दुख आया है, वह अत्यंत पीड़ादायक है।

पूजा गोयल ने कहा कि इस घटना ने केवल एक नहीं, बल्कि दो परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जांच में उनकी बेटी सिया गोयल भी दोषी पाई जाती है तो उसे भी कानून के अनुसार सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय से बड़ा कोई रिश्ता नहीं होता और दोषी चाहे कोई भी हो, उसे सजा अवश्य मिलनी चाहिए।

यह भी पढ़ेंः-Ketan Agarwal Murder Case: बड़ा खुलासा! 31 मई से रची जा रही थी साजिश, दो बार हुई नाकाम कोशिश
 

अन्य प्रमुख खबरें