लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में अभी से 2027 की बिसात बिछनी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सोमवार को राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लोकलुभावन घोषणाओं का पिटारा खोल दिया। अखिलेश ने स्पष्ट किया कि यदि आगामी विधानसभा चुनावों में सपा की सरकार बनती है, तो प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी। इसके साथ ही, उन्होंने आधी आबादी को साधते हुए महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये वार्षिक पेंशन का ऐतिहासिक संकल्प भी दोहराया।
बुंदेलखंड समेत प्रदेश के विभिन्न कोनों से आए कार्यकर्ताओं के बीच अखिलेश यादव ने योगी सरकार की घेराबंदी की। उन्होंने वर्तमान में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को जनता के साथ 'ठगी' करार दिया। सपा अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह ईवीएम की निष्पक्षता पर सवाल उठते रहे हैं, ठीक वैसे ही ये नए बिजली मीटर भी 'हेराफेरी' कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनियों को ठेके देने से पहले ही भारी कमीशन ले लिया जाता है, जिसका बोझ बाद में जनता को भारी-भरकम बिल के रूप में चुकाना पड़ता है।
भाजपा का सत्ता से कनेक्शन काटने की तैयारी का आह्वान करते हुए अखिलेश यादव ने महंगाई और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने दो टूक कहा कि रसोई गैस की आसमान छूती कीमतें और महंगी बिजली ही आने वाले समय में भाजपा की विदाई का मुख्य कारण बनेंगी। कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने जमीनी हकीकत का जिक्र किया और कहा कि आज प्रदेश में खाद की भारी किल्लत और अस्पतालों की खस्ता हालत के चलते किसान और गरीब वर्ग बेहाल है। अखिलेश ने जोर देकर कहा कि जनता अब सरकार के भ्रमजाल को पूरी तरह समझ चुकी है। उनके अनुसार, 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों ने जो जीत का रास्ता दिखाया है, उसी ठोस रणनीति पर चलते हुए समाजवादी पार्टी को 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए पूरी ताकत झोंकनी होगी।
अखिलेश यादव ने सरकार पर लोकतंत्र और संविधान की अनदेखी का आरोप भी मढ़ा। उन्होंने कहा कि समाजवादियों के खिलाफ भ्रामक दुष्प्रचार किया जा रहा है, लेकिन जनता अब सच जान चुकी है। सपा प्रमुख ने भरोसा दिलाया कि सत्ता में वापसी होते ही कानून का राज स्थापित होगा और हर वर्ग को उचित न्याय मिलेगा।
अन्य प्रमुख खबरें
ओसीआई समेत कई अहम मुद्दों पर बनी सहमति, श्रीलंका दौरे से लौटे उपराष्ट्रपति
Weather Today: गर्मी के बीच मौसम विभाग ने जारी किया बारिश का अलर्ट, जानें राज्यों का हाल
इंफाल में विरोध रैली के दौरान हिंसा, 21 गिरफ्तार, CRPF जवान घायल
Delhi Crime News: गांजा सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़, पार्किंग विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या
Vedanta Power Plant Accident: वेदांता हादसे की जांच करेगी केंद्रीय टीम
महिला आरक्षण बिल या कोई और मुद्दा.... आज रात 8:30 बजे देश को संबोधित करेंगे PM मोदी
पवन कल्याण बोले- राजनीतिक लाभ के लिए विपक्ष ने पास नहीं होने दिया महिला आरक्षण बिल