कुंडा में बोले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, कहा-सनातन को कोई मिटा नहीं सकता

खबर सार :-

प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कुंडा में मंगलवार को कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ है। इस दौरान परेड ग्राउंड श्रद्धालुओं से भर गया। इस कथा का आयोजन जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह के सानिध्य में हो रहा है। इस मौके पर योग गुरु बाबा रामदेव भी हेलीकॉप्टर से पहुंचे।
बोले धीरेंद्र शास्त्री, जो हमारे धर्म पर घात हुआ, हम भी प्रतिघात करेंगे

खबर विस्तार : -

प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कुंडा में मंगलवार को कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ है।  20 नवंबर तक बेती में भगवान श्री राम कथा का आयोजन हो रहा है। इस कथा को सुनने के लिए हजारों लोग पहुंचे हैं। इसमें करीब 500 हिंदू शरणार्थियों भी हैं। इसके अलावा काफी दूर-दूर से लोग अभी भी पहुंच रहे हैं। कथा शुरू होने से पहले सभी श्रद्धालुओं का राजा भैया ने मंच से स्वागत किया। उन्होंने पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों से कहा कि उन पर काफी अत्याचार हुए लेकिन अपना धर्म नहीं छोड़ा।

यह भी पढ़ें : अयोध्या में पर्यटकों की बढ़ती संख्या से कारोबार को मिल रही नई रफ्तार, देर रात तक गुलजार रहे बाजार

श्री रामकथा सुनने आए श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया

कथा शुरू करने से पहले धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि श्री रामकथा सुनने आए सभी श्रद्धालुओं का अभिनंदन है। पाकिस्तान से आए शरणार्थियों से कहा कि आपके अच्छे दिन आने वाले हैं। उन्होंने लोगों में चेतना भरते हुए कहा कि सनातन कभी मर नहीं सकता, जो हमारे धर्म पर घात हुआ, हम भी प्रतिघात करेंगे।  शास्त्री ने कहा कि मैं हिंदू हूं और हिंदुत्व की बात करूंगा। पाकिस्तान के शरणार्थियों से उन्होंने कहा कि मैंने कथा तो बहुत कही, लेकिन आपके बीच पहली बार कह रहा हूं। शास्त्री ने कहा कि हम कथा तो सुनाएंगे, कल आपसे हवन भी कराएंगे।

बाबा बागेश्वर धाम ने सनातन और भारतीय संस्कृति के संबंध में कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने रामायण काल के त्रेतायुग से द्वापरयुग तक का उल्लेख किया। बाबा ने सतयुग पर भी कई प्रसंग सुनाए। उन्होंने कलयुग का उदाहरण दिया। सनातन संस्कृति का सरोकार बताया। हिंदुओं पर हुए अत्याचारों का उल्लेख किया। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि सनातन संस्कृति पर अत्याचार तो बहुत हुए। कई प्रहार किए गए। इसका परिणाम भी उन्होंने बताया और कहा कि वह सब भाग गए, जबकि सनातन को कोई मिटा नहीं सका।

सनातन का अतीत, वर्तमान और भविष्य बताया

बेती में धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनने के लिए काफी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हुए हैं। उन्होंने सनातन का अतीत, वर्तमान और भविष्य बताया। कहा कि सनातन जीवित था, आज भी जीवित है और आने वाले समय में भी जीवित ही रहेगा। धीरेंद्र शास्त्री ने उस बड़ी जनता को धन्यवाद किया जो काफी दूर से उनकी कथा सुनने के लिए पहुंचे हुए हैं। मंच के पास पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी मौजूद थे। धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनने पहुंचे हुए लोगों से स्वयं धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हिंदुओं को एकजुट रहना है। उन्होंने जाति, पार्टीे और भेदभाव मिटाने की अपील की।

सामाज में बंटवारे का विरोध भी किया और कहा कि आपसी भेदभाव छोड़कर अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ना चाहिए। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से एकजुट रहने के लिए कहा है। भारतीय सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सुरक्षित रखने की जरूरत और उसका महत्व भी बताया। श्रीराम कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम के बचपन से लेकर उनके वन गमन तक का चरित्र चित्रण किया। उनका उल्लेख करते हुए कहा कि श्रीराम का चरित्र तो आदर्शपूर्ण है।

श्री राम के चरित्र पर कथा के दौरान कई प्रसंग सुनाए

उन्होंने कहा कि माता-पिता, परिवार, भाई, मर्यादा, प्रजा के प्रति जो कर्तव्य किए श्रीराम ने किए हैं, वह सदैव अपनाए जाने वाले हैं। श्री राम के जीवन चरित्र पर उन्होंने कथा के दौरान कई प्रसंग सुनाए। कहा श्रीराम कथा केवल सुनना ही नहीं, बल्कि यह आचरण और व्यवहार में उतरना है। नशे और बुराइयों को दूर करना है। भगवान राम की तमाम विशेषताओं के उदाहरण पेश करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति से जुड़े रहना और श्रीराम के आदर्श अपनाना ही सनातन की परंपरा है। कथा के पहले दिन आध्यात्मिक जगत की कई हस्तियां मौजूद रहीं।

बाबा रामदेव स्वयं हेलीकॉप्टर से पहुंचे हुए थे। वह भी मंच पर पहुंचे और श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने भारतीय परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि सनातन ही भारत की आत्मा है। उन्होंने एक भजन गाया, इसे सुनकर खूब तालियां बजाई गई। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद लिया और कहा कि भारत में धार्मिक आयोजनों की जरूरत है। कथा में हजारों लोगों के मौजूद होने की संभावना जताई गई है।

आयोजन स्थल पर अस्थाई अस्पताल भी बनाया गया

पंडाल से पार्किंग स्थल तक भीड़ ही भीड़ नजर आ रही थी। प्रमुख मार्गो तक ड्रोन कैमरा से निगरानी की गई। आयोजन स्थल पर अस्थाई अस्पताल भी बनाया गया था। बच्चों पर निगरानी बनाए रखने के लिए खोया पाया केंद्र पर अनाउंसमेंट होते रहे। परेड ग्राउंड पर मेले की व्यवस्था की गई थी। उधर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के लखनऊ और गोंडा में होने वाले कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई।

यह भी पढ़ें : Mirik के अस्तित्व बचाने की जद्दोजहद के बीच सौ करोड़ की विकास योजना से जगी उम्मीद

अन्य प्रमुख खबरें