Chhath Puja 2026: बिहार से अमेरिका तक छाई छठ की अद्भुत छटा, सात समंदर पार भी भारतीय निभा रहे हैं 'परंपरा'

खबर सार :-

Chhath Puja 2026 : छठ महापर्व अब केवल बिहार, झारखंड या पूर्वी उत्तर प्रदेश की परंपराओं तक सीमित नहीं है; इसकी भावना सात संदर पार दूर-दूर तक पहुंच गई है। भारतीयों ने इस परंपरा को जीवंत रखा अमेरिका और कनाडा समेत विदेशों में भी श्रद्धा से मनाया जाता है।
Chhath Puja 2026: बिहार से अमेरिका तक छाई छठ की अद्भुत छटा

खबर विस्तार : -

Chhath Puja 2026: कहा जाता है कि इंसान दुनिया के किसी भी कोने में चला जाए, वह अपनी मिट्टी और संस्कारों से कभी दूर नहीं हो पाता। अपनी मिट्टी से हजारों मील दूर होने के बावजूद, विदेशों में रहने वाले भारतीयों की छट के प्रति आस्था और श्रद्धा में कोई कमी नहीं आई है। फिर चाहे ह्यूस्टन के पास मंदिर का तालाब हो, कैलिफोर्निया की झील हो या वाशिंगटन के वर्जीनिया उपनगर में पोटोमैक नदी का किनारा, हर जगह प्रवासी परिवार इस महापर्व को बहुत ही धूमधाम और उत्साह के साथ मना रहे हैं। ये जगहें अब उनके नए 'छट घाट' बन गई हैं, जहां वे डूबते और उगते सूर्य को 'अर्घ्य' देकर अपनी परंपराओं को जीवित रखे हुए हैं।

सात समंदर पार पहुंची छठ की आस्था

दरअसल लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा सिर्फ बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की परंपरा तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अब इसकी आस्था सात समंदर पार भी पहुंच चुकी है। अमेरिका और कनाडा में यह त्योहार एक ऐसी कड़ी बन गया है जो बच्चों और बड़ों सभी को एक साथ जोड़ता है। भले ही ये आयोजन उत्तरी अमेरिका में हो रहे हों, लेकिन आयोजकों के निमंत्रण में एक साझा भावना झलकती है। सोच एक ही है कि अपनी परंपराओं और संस्कृति को सहेजा जाए और अगली पीढ़ी को सौंप दिया जाए।

ये भी पढ़ेंः- छठ महापर्व लोक आस्था और सूर्य उपासना का पावन अनुष्ठान, सभी व्रतियों को किया जा रहा नमन

ह्यूस्टन में सामूहिक छठ पूजा

ह्यूस्टन के पास रोसेनबर्ग स्थित जगन्नाथ हिंदू मंदिर का तालाब इस सामुदायिक प्रयास का मुख्य केंद्र बन गया है, जिसमें कई परिवार, दानदाता और स्वयंसेवक शामिल हैं। आयोजकों ने बताया कि वैज्ञानिकों के एक समूह ने भोजन की पूरी जिम्मेदारी संभाली है वे इसमें शामिल होने वाले परिवारों के लिए खाना तैयार कर रहे हैं और परोस रहे हैं। अन्य स्वयंसेवक आयोजन स्थल की व्यवस्था, पार्किंग, साफ-सफाई और आने वाले लोगों के स्वागत में मदद कर रहे हैं। 

Chhath Puja-2026

यहां भी छाई छठ की अद्भुत छटा

नेशनल कैपिटल रीजन में, समुदाय के लोग पिछले दो दशकों से वर्जीनिया में पोटोमैक नदी के किनारे छठ मना रहे हैं। इस परंपरा की शुरुआत 2006 में हुई थी, जब कृपा शंकर सिंह और उनकी पत्नी अनीता ने इस त्योहार को मनाने के लिए एक उपयुक्त जगह की तलाश की थी। इस आयोजन में न केवल पूजा-पाठ करने वाले लोग, बल्कि बच्चे, दोस्त और स्वयंसेवक भी शामिल हो सकते हैं। आयोजक झील के किनारे होने वाले इस मिलन को परिवारों के लिए एक प्राकृतिक माहौल में एक साथ त्योहार मनाने के अवसर के रूप में देखते हैं। उनका निमंत्रण सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने और अगली पीढ़ी तक परंपराओं को पहुंचाने पर जोर देता है। इसी तरह के वाशिंगटन के मैरीलैंड में हिंदू-बुद्ध मंदिर और जॉर्जिया के शुगर हिल स्थित शिव मंदिर में भी महापर्व की आयोजन किया गया है। 

कनाडा में धूमधाम से मनाया जा रहा महापर्व

कनाडा के ओंटारियो में ओकविले स्थित वैष्णो देवी मंदिर में सामूहिक भोजन (प्रसाद) की व्यवस्था त्योहार की तैयारियों का एक मुख्य हिस्सा है। 'बिहार एंड झारखंड एसोसिएशन ऑफ कनाडा' का कहना है कि दान और प्रायोजन की मदद से, तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन के दौरान भोजन, अनुष्ठान और प्रसाद पूरी तरह से निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इन आयोजनों का मूल संदेश कनाडा में बिहार और झारखंड की परंपराओं को सहेजने से जुड़ा है, जिसमें समुदाय के सदस्य इन आयोजनों को सफल बनाने में अपना योगदान दे रहे हैं। ये निमंत्रण हर एक की अलग-अलग प्राथमिकताओं को दर्शाते हैं।

गौरतलब है कि छठ पूजा को सूर्य की उपासना से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है। शुरुआत में, पूर्वांचल के वे लोग जो दूसरे देशों में जाकर बस गए थे, वे इसे छोटे स्तर पर मनाते थे, लेकिन समय के साथ यह एक व्यापक उत्सव बन गया है। आज, कनाडा, अमेरिका, रूस, ब्रिटेन और इटली सहित 20 से अधिक देशों में इसे मनाया जाता है। साल 2020 में, छठ के अवसर पर लंदन में टेम्स नदी के किनारे फिल्म सितारों का जमावड़ा लगा था; वहाँ शूटिंग भी हुई थी। इस तरह, छठ गंगा के तट से लेकर टेम्स नदी के किनारे तक पहुँच गया है।

ये भी पढ़ेंः- UP में छठ पूजा पर 24 घंटे मिलेगी निर्बाध बिजली आपूर्ति, घाटों पर भी पर्याप्त रोशनी के निर्देश
 

अन्य प्रमुख खबरें