SRH vs RCB, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग IPL 2026 के 67वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 55 रनों से हरा दिया। हालांकि, इस हार के बावजूद, आरसीबी पॉइंट्स टेबल (Points Table) में टॉप पर बनी रही और क्वालिफायर-1 में अपनी जगह पक्की कर ली।
शुक्रवार को राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में, पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) ने 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर कुल 255 रन बनाए। पॉइंट्स टेबल में टॉप दो में जगह बनाने के लिए, SRH को यह मैच 90 या उससे ज़्यादा रनों के अंतर से जीतना जरूरी था। हालांकि, RCB ने SRH की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाने में कामयाब रही।
इस मैच में हार के बावजूद, Royal Challengers Bangalore ने पहले क्वालिफायर में अपनी जगह पक्की कर ली है, जहां 26 मई को उसका मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा जो अभी पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है। SRH ने भी लीग चरण 18 पॉइंट्स के साथ खत्म किया; हालांकि, नेट रन रेट के मामले में RCB और गुजरात टाइटंस से पीछे रहने के कारण, वह पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर रही। ऐसे में बेंगलुरु और गुजरात के बीच क्वालीफायर-1 खेला जाएगा।
26 मई को दोनों टीमें धर्मशाला में आमने-सामने होंगी। जबकि हैदराबाद अब 27 मई को एलिमिनेटर मैच खेलेगी। हालांकि, एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला किससे होगा, यह अभी तय नहीं हुआ है। लेकिन पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स अभी भी प्लेऑफ की रेस में चौथे स्पॉट के लिए रेस कर रही हैं।
राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए, हैदराबाद ने ज़ोरदार शुरुआत की। हेड और अभिषेक ने मिलकर 3.6 ओवरों में 45 रन जोड़े। हेड 16 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हो गए। इस बीच, अभिषेक ने सिर्फ़ 22 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल थे। ईशान किशन एक बार फिर बेहतरीन फॉर्म में दिखे, उन्होंने 46 गेंदों में 79 रनों की ज़ोरदार पारी खेली। हेनरिक क्लासेन ने 24 गेंदों में 51 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 5 छक्के शामिल थे। आखिरी ओवरों में, नीतीश कुमार रेड्डी ने 12 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाए, जिससे सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर कुल 255 रन बनाने में सफल रही।
256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, RCB की शुरुआत अच्छी रही। वेंकटेश अय्यर ने 19 गेंदों में 44 रनों की तूफानी पारी खेली और कोहली के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े। विराट 15 रन बनाकर आउट हो गए। देवदत्त पडिक्कल ने 21 रनों का योगदान दिया। कप्तान रजत पाटीदार ने 39 गेंदों में 56 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि क्रुणाल पांड्या ने 31 गेंदों में नाबाद 41 रन बनाए। टिम डेविड ने 7 गेंदों में 15 रन बनाए, लेकिन वे टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। टीम 55 रनों से हार गई।
अन्य प्रमुख खबरें
GT vs CSK: गुजरात के खिलाफ चेन्नई को मिली IPL की सबसे बड़ी हार, टूर्नामेंट से हुई 'भावुक' विदाई
GT vs CSK: गुजरात ने चेन्नई के सामने रखा 230 रनों का लक्ष्य , गिल-सुदर्शन और बटलर ने ठोका अर्धशतक
MI vs KKR मैच में Hardik Pandya ने लांघी सारी सीमाएं, मिली कड़ी सजा
BAN vs PAK 2nd Test: बांग्लादेश ने पाकिस्तान का किया सूपड़ा साफ, सीरीज पर 2-0 से किया कब्जा