Plane Crash: दक्षिण सूडान में प्लेन क्रैश, पायलट समेत सभी 14 यात्रियों की मौत

खबर सार :-
Plane Crash: दक्षिण सूडान की राजधानी जूबा के पास एक बड़े विमान हादसे में पायलेट समेत 14 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई। यह विमान येई से जूबा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की ओर जा रहा था।

Plane Crash: दक्षिण सूडान में प्लेन क्रैश, पायलट समेत सभी 14 यात्रियों की मौत
खबर विस्तार : -

Plane Crash: सोमवार को दक्षिण सूडान की राजधानी जूबा में एक बड़ा हादसा हो गया। जूबा के पास एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 14 लोगों की मौत हो गई। देश के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने इस दुर्घटना की पुष्टि की है।

प्राधिकरण के अनुसार, यह विमान सेसना 208 कारवां था, जिसका संचालन सिटीलिंक एविएशन द्वारा किया जाता था। विमान ने येई से उड़ान भरी थी और जूबा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर जा रहा था, लेकिन उड़ान के दौरान ही उससे संपर्क टूट गया। माना जा रहा है कि दृश्यता कम होने की वजह से यह हादसा हुआ है।

उड़ते ही टूटा संपर्क

रिपोर्टों के अनुसार, विमान ने येई से जूबा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरी थी। स्थानीय समय के अनुसार सुबह 9:15 बजे उड़ान भरी थी और लगभग 9:43 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क टूट गया। विमान में 13 यात्री और एक पायलट सवार थे। मृतकों में 12 दक्षिण सूडानी नागरिक और दो केन्याई नागरिक शामिल थे। विमान हादसे में सभी यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, खराब मौसम की स्थिति को ही इस दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। विशेष रूप से, कम दृश्यता (low visibility) के कारण विमान को नेविगेशन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा हो सकता है, जिससे हादसा हो गया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए एक जांच शुरू कर दी गई है।

पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

सोशल मीडिया पर हादसे का एक वीडियो जारी हुआ है, जिसमें विमान का मलबा जलता हुआ दिख रहा है। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव दल भेज दिए गए हैं, लेकिन किसी के भी जीवित बचने की कोई संभावना नहीं है। इस दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और सरकार ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना जताई है। 

अन्य प्रमुख खबरें