Japan Earthquake: जापान में आया 7.5 तीव्रता का जबरदस्त भूकंप, सुनामी को लेकर अलर्ट जारी

खबर सार :-
Japan Earthquake: जापान के उत्तर-पूर्वी तट पर सोमवार को भूकंप के जबरदस्त झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.5 दर्ज की गई, जिसके बाद सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया गया है।

Japan Earthquake: जापान में आया 7.5 तीव्रता का जबरदस्त भूकंप, सुनामी को लेकर अलर्ट जारी
खबर विस्तार : -

Japan Earthquake: जापान के उत्तरी तट पर सोमवार दोपहर को 7.5 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया। भूकंप का केंद्र प्रशांत महासागर में सैनरिकु तट पर था, जिसकी गहराई 10 किलोमीटर बताई गई। अधिकारियों ने 3 मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई है, जिसके चलते सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही लोगों को तटीय इलाकों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, शाम 4ः53 बजे (स्थानीय समयानुसार) भूकंप के झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने उन इलाकों की सूची जारी कर दी है जहां सुनामी की आशंका है। कहा जा रहा है कि सबसे पहले ऊंची लहरें इवाते, आओमोरी और होक्काइडो प्रांतों में उठ सकती हैं। सुनामी की आशंका को देखते हुए सरकार ने एक इमरजेंसी टास्क फोर्स बनाई है और लोगों को सुरक्षित जगह पर जाने की अपील की है।

बुलेट ट्रेन रुकी, गिरीं दीवारें

क्योदो न्यूज एजेंसी के अनुसार, जापान के मुख्य होंशू आइलैंड के उत्तरी सिरे पर आओमोरी में भूकंप के झटकों की वजह से बुलेट ट्रेन सर्विस रोक दी गईं। बताया जा रहा है कि भूकंप के झटके इतने जोरदार थे कि लोगों का घूमना-फिरना मुश्किल हो गया। कई जगह कंक्रीट-ब्लॉक की दीवारें गिर गईं। बता दें कि जापान में दुनिया के किसी भी देश से ज्यादा भूकंप आता है। यहां हर पांच मिनट में कम से कम एक झटका आता है और साल में एक लाख से ज्यादा भूकंप आते हैं। इनमें से अधिकतर की तीव्रता कम होती है, लेकिन बड़े भूकंप से सुनामी का खतरा हमेशा बना रहता है।

भूकंप व सुनामी के असर की जांच शुरू

जापान टुडे ने जानकारी दी कि, होक्काइडो और तोहोकू इलाकों में अभी कोई न्यूक्लियर पावर प्लांट नहीं चल रहा है। होक्काइडो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी और तोहोकू इलेक्ट्रिक पावर कंपनी के कई न्यूक्लियर पावर प्लांट बंद हैं। तोहोकू इलेक्ट्रिक ने कहा कि उसने अपने ओनागावा न्यूक्लियर पावर प्लांट पर भूकंप और सुनामी के असर की जांच शुरू कर दी है।

अन्य प्रमुख खबरें