US Iran Tension: ट्रंप के न्यूक्लियर हमले की धमकी पर ईरान ने कसा तंज, कहा- उनका समाधान ‘बड़ी चमक’ है

खबर सार :-
US Iran Tension: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने एक बयान में कहा कि अगर समझौता नहीं हुआ तो आपको ‘बड़ी चमक’ देखने को मिलेगी। ट्रंप के इस बयान को न्यूक्लियर धमकी माना जा रहा है। इसके बाद ईरान ने पलटवार करते हुए एक पोस्ट शेयर किया है।

US Iran Tension: ट्रंप के न्यूक्लियर हमले की धमकी पर ईरान ने कसा तंज, कहा- उनका समाधान ‘बड़ी चमक’ है
खबर विस्तार : -

US Iran Tension: ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की परमाणु धमकी का करारा जवाब दिया है। बघाई ने सोशल मीडिया पर ट्रंप की धमकियों पर तंज कसा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि अगर कोई समझौता नहीं होता और संघर्ष बढ़ जाता है, तो "आपको एक बड़ी चमक दिखाई देगी।"

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बघाई ने लिखा, "यह अजीब है कि वे शांति चाहने और परमाणु संकट को टालने का दावा करते हैं, फिर भी उनका सुझाया गया समाधान एक 'बड़ी चमक' है।"

राष्ट्रपति ट्रंप ने दी चेतावनी

दरअसल, मीडिया से बातचीत के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था, "अगर कोई युद्धविराम नहीं होता है, तो आपको इसके बारे में पता भी नहीं चलेगा। आपको बस ईरान से निकलने वाली एक बड़ी चमक देखनी होगी।" ट्रंप के "बड़ी चमक" के जिक्र को एक परमाणु धमकी के तौर पर समझा जा रहा है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने एक अल्टीमेटम दिया, "उन्हें जल्दी से समझौते पर हस्ताक्षर कर देने चाहिए। अगर वे हस्ताक्षर नहीं करते हैं, तो उन्हें गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ेगा।"

'प्रोजेक्ट फ्रीडम प्लस' शुरू कर सकता है अमेरिका

अमेरिकी राष्ट्रपति को उम्मीद है कि अमेरिका द्वारा ईरान को भेजे गए प्रस्ताव पर तेहरान से जवाब आज रात तक आ सकता है। व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में मीडिया से बात करते हुए, ट्रंप ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि आज रात मुझे एक पत्र मिलेगा। देखते हैं क्या होता है।" राष्ट्रपति ने संकेत दिया कि अगर बातचीत में कोई रुकावट आती है, तो वाशिंगटन अपना रुख और कड़ा कर सकता है। उन्होंने कहा, "अगर सब कुछ ठीक नहीं रहा, तो हम कोई दूसरा रास्ता अपनाएंगे। अगर बात नहीं बनी, तो हम 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' पर वापस लौट सकते हैं, लेकिन वह 'प्रोजेक्ट फ्रीडम प्लस' होगा। यानी, 'प्रोजेक्ट फ्रीडम प्लस' में कुछ अतिरिक्त उपाय भी शामिल होंगे।"

30 हजार कारों को नुकसान

इस बीच, ईरान की सेंट्रल इंश्योरेंस कंपनी ने घोषणा की है कि अमेरिका और इजराइल के साथ संघर्ष के दौरान क्षतिग्रस्त हुए वाहनों के लिए मुआवजा जल्द ही वितरित किया जाएगा। सेंट्रल इंश्योरेंस कंपनी और ईरान इंश्योरेंस के अधिकारियों का अनुमान है कि लगभग 30 हजार कारों को नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों ने बताया कि हाल के हफ्तों में 30 मिलियन तोमान (387 डाॅलर) से कम के नुकसान के दावों का निपटारा कर दिया गया है।

अन्य प्रमुख खबरें