West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर दोबारा हो रही वोटिंग, पोलिंग स्‍टेशनों पर लगी लंबी कतारें

खबर सार :-
West Bengal Election Results 2026: पश्चिम बंगाल में दो चरणों में वोटिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन शिकायतें मिलने के बाद चुनाव आयोग ने दो विधानसभा सीटों के 15 बूथों पर दोबारा वोटिंग कराने का फैसला किया है। इस बीच, राज्य में EVM को लेकर हंगामा लगातार जारी है।

West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर दोबारा हो रही वोटिंग, पोलिंग स्‍टेशनों पर लगी लंबी कतारें
खबर विस्तार : -

West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच, शनिवार को दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के 15 पोलिंग स्टेशनों पर दोबारा वोटिंग (Re-polling) हो रही है।  इन 15 केंद्रों में से 11 बूथ मगराहाट पश्चिम में हैं, जबकि 4 डायमंड हार्बर में हैं। यहां सुबह 7:00 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 6:00 बजे तक चलेगी। सुबह 9 बजे तक मगरहाट में 16.68%, डायमंड हार्बर में 15.83% वोटिंग हुई है। वोटिंग प्रक्रिया को लेकर लोगों में ज़बरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, पोलिंग स्टेशनों के बाहर वोटरों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। इस बार सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं, और पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। 

West Bengal Elections Results 2026: 4 मई को आएंगे नतीजे

दरअसल यह दोबारा वोटिंग इसलिए कराई जा रही है क्योंकि 29 अप्रैल को इन बूथों पर दूसरे फेज की वोटिंग के दौरान EVM से छेड़छाड़ और झड़प की शिकायत मिली थी। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए और जांच के बाद चुनाव आयोग ने इन बूथों पर फिर से वोटिंग कराने का फैसला किया। ये सभी बूथ दक्षिण 24 परगना जिले में आते हैं। अब सबकी नजरें 4 मई पर टिकी हैं, जब वोटों की गिनती होगी और पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड वोटिंग

बता दें कि पश्चिम बंगाल की सभी 294 सीटों पर रिकॉर्ड 92.84% मतदान हुआ था। 23 अप्रैल को पहले चरण में 152 सीटों पर 93.19% वोटिंग हुई थी, जबकि 29 अप्रैल को दूसरे चरण में 142 सीटों पर 92.48% वोट डाले गए। नतीजों का ऐलान 4 मई को किया जाएगा।

EVM स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा पर जताई चिंता 

पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर हो रहे दोबारा मतदान के बीच, TMC नेता शशि पांजा ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे एक पत्र में, शशि पांजा ने आरोप लगाया कि कई स्ट्रॉन्ग रूम में लगे CCTV कैमरे रुक-रुककर खराब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस स्थिति से EVM और VVPAT मशीनों की सुरक्षा पर सवाल उठते हैं और इससे चुनावी प्रक्रिया पर जनता का भरोसा कम हो सकता है।

पांजा ने सभी प्रभावित जगहों पर एक विस्तृत रिपोर्ट, निगरानी की पूरी फुटेज और रियल-टाइम मॉनिटरिंग (सीधी निगरानी) को फिर से शुरू करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई, तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगी। हालांकि, मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सभी स्ट्रॉन्ग रूम पूरी तरह से सुरक्षित हैं और विवाद की कोई गुंजाइश नहीं है।

अन्य प्रमुख खबरें