नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता 8 माह की गर्भवती

खबर सार :-
ओबरा पुलिस को 'मिशन शक्ति' अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत दर्ज एक गंभीर मामले में नामजद आरोपी को गिरफ़्तार किया है।
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता 8 माह की गर्भवती
खबर विस्तार : -

सोनभद्र/ओबराः महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना ओबरा पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक गंभीर मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान भरतलाल पुत्र रामभरोष (28 वर्ष), निवासी थाना ओबरा, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है।

पीड़िता ने लंबे समय तक छिपाई घटना

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 जून 2026 को एक व्यक्ति ने थाना ओबरा में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ अक्टूबर 2025 में गांव के ही भरतलाल ने जबरन दुष्कर्म किया था। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी। भय और सामाजिक दबाव के चलते पीड़िता लंबे समय तक इस घटना की जानकारी अपने परिजनों को नहीं दे सकी।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब परिजनों को नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी मिली। इसके बाद उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके लगभग आठ माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर परिजनों ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

सुचना पर पुलिस ने लिया एक्शन

तहरीर के आधार पर थाना ओबरा में संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भरतलाल को ग्राम परसोई टोला गाड़ापाथर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय, निरीक्षक अपराध शमशेर सिंह यादव तथा कांस्टेबल प्रवीण कुमार राय शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ेंः-मुहर्रम को लेकर वलीपुर बाजार में पुलिस का पैदल मार्च, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
 

अन्य प्रमुख खबरें