शाहजहाँपुरः शाहजहांपुर जिले के अल्हागंज थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। हाईवे पर कोठा मांझा गांव के पास ओवरटेक कर रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लड़की के पिता समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला हदफ निवासी आनंदपाल उर्फ पप्पू (45) और बरेली जिले के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के निबरिया गांव निवासी सुरेश पाल (60) के रूप में हुई है। सुरेश पाल, आनंदपाल के बड़े भाई देवेंद्र के ससुर बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
सूत्रों के अनुसार, आनंदपाल की बहन सविता की शादी 15 फरवरी को फर्रुखाबाद जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के पट्टी पूर्वी गांव में तय थी। सोमवार शाम आनंदपाल अपने परिवार के साथ कार और ईको वैन से फर्रुखाबाद जा रहा था। सभी लोग बहन के तिलक समारोह में शामिल होने निकले थे। शाम करीब 4:30 बजे जैसे ही उनका काफिला अल्हागंज थाना क्षेत्र के कोठा मांझा गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के दौरान आनंदपाल की कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पीछे चल रही ईको वैन भी ट्रक की चपेट में आ गई।
हादसा इतना भयावह था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई लोग उसमें फंस गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक आनंदपाल और सुरेश पाल की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद भिजवाया।
घायलों में कप्तान पाल (60), निखिल पाल (17), राघव (12), अनमोल (10), विनोद (40), लड़की के पिता छोटेलाल, शिवेंद्र और कार चालक विमलेश निवासी जल्लापुर, हरदोई शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
अन्य प्रमुख खबरें
Jhansi News: हिंदू-मुस्लिम विवाह सम्मेलन सौहार्द और देशभक्ति के संदेश के साथ हुआ संपन्न
CM विजय का बड़ा फैसला! 15 दिनों में बंद होंगी 717 शराब की दुकानें, ये है वजह
Himanta Biswa Sarma oath ceremony: शिवराज सिंह पहुंचे गोवाहाटी, बोले- यह ऐतिहासिक दिन
Jabalpur Cruise Accident: गेहूं सर्वे कराने वाली कंपनी चला रही थी क्रूज, जांच में बड़ा खुलासा
BJP Training Campaign Ayodhya : संगठन की धार तेज, अयोध्या में भाजपा का दो दिवसीय वैचारिक मंथन संपन्न
असम में डाॅ. हिमंत बिस्वा सरमा कल लेंगे सीएम पद की शपथ, PM मोदी समेत कई दिग्गज होंगे शामिल
ग्राम रथ अभियान से गांव-गांव पहुंच रही सरकारी योजनाओं की जानकारी, ग्रामीणों में दिखा उत्साह
Dhanbad: पेयजल संकट पर भाजपा का बड़ा प्रदर्शन, समाहरणालय के सामने मटके फोड़े, नारेबाजी