गुलाबपुरा के नवनीत शर्मा ने आरएएस परीक्षा में तीसरी रैंक हासिल कर रचा इतिहास, क्षेत्र में खुशी की लहर

खबर सार :-
भीलवाड़ा ज़िले के गुलाबपुरा कस्बे  के रहने वाले नवनीत शर्मा ने राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित RAS परीक्षा-2024 के परिणामों में पूरे राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त करके, अपने स्थानीय क्षेत्र सहित पूरे ज़िले का गौरव बढ़ाया।

गुलाबपुरा के नवनीत शर्मा ने आरएएस परीक्षा में तीसरी रैंक हासिल कर रचा इतिहास, क्षेत्र में खुशी की लहर
खबर विस्तार : -

भीलवाड़ाः जिले के गुलाबपुरा कस्बे के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित आरएएस परीक्षा-2024 के परिणाम में नवनीत शर्मा ने पूरे प्रदेश में तीसरी रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। साधारण परिवार से आने वाले 24 वर्षीय नवनीत की इस सफलता ने पूरे जिले में उत्साह और गर्व का माहौल बना दिया है।

नवनीत ने यह उपलब्धि पूरी तरह सेल्फ स्टडी और कड़ी मेहनत के दम पर हासिल की। उन्होंने आरएएस मेंस परीक्षा में 282.50 अंक तथा इंटरव्यू में 60 अंक प्राप्त कर कुल 342.50 अंक हासिल किए। इससे पहले वर्ष 2023 में उन्होंने 87वीं रैंक प्राप्त कर तहसीलदार पद हासिल किया था और वर्तमान में वे अजमेर स्थित राजस्व प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षणरत हैं।

शिक्षक हैं पिता

नवनीत मूल रूप से बराठिया गांव के निवासी हैं और वर्तमान में कृष्णा नगर, हुरड़ा रोड पर रहते हैं। उनके पिता मुकेश कुमार शर्मा शिक्षक हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। परिवार में उनकी बड़ी बहन भी शिक्षा विभाग में कार्यरत है। नवनीत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, बहन और अपने इष्ट देव को दिया।

एक भावुक क्षण उस समय जुड़ गया जब रिजल्ट घोषित हुआ, उस समय उनके पिता चारधाम और 12 ज्योतिर्लिंग यात्रा पर आंध्र प्रदेश स्थित श्रीशैलम मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग में दर्शन कर रहे थे। जैसे ही नवनीत ने फोन पर तीसरी रैंक की सूचना दी, पिता भावुक हो उठे और इसे भगवान शिव का आशीर्वाद बताया।

सेल्फ स्टडी से पाई सफलता

नवनीत ने बताया कि उन्होंने प्रतिदिन 18 से 20 घंटे अध्ययन किया और मुख्य रूप से सेल्फ स्टडी पर ध्यान केंद्रित रखा। उन्होंने कहा कि परीक्षा का सही रणनीतिक अध्ययन और निरंतर अभ्यास सफलता की कुंजी है। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि मेहनत और अनुशासन से कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता।

रिजल्ट आने के बाद नवनीत का गुलाबपुरा में भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया। परिजनों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखने लायक था। कई लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया और मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नवनीत की सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि छोटे कस्बों से भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं।
 

अन्य प्रमुख खबरें