सात फेरों से पहले रची खौफनाक साजिश, प्रेमी के साथ मिलकर की मंगेतर की हत्या, गिरफ्तार

खबर सार :-

पुणे के लोनावला में लोहागढ़ किले पर ट्रैकिंग के दौरान युवक की मौत के राज से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। मामले में युवक की मंगेतर ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या का जुर्म कबूल कर लिया है।
सात फेरों से पहले रची खौफनाक साजिश, प्रेमी के साथ मिलकर की मंगेतर की हत्या, गिरफ्तार

खबर विस्तार : -

मुंबई: पुणे (महाराष्ट्र) के लोनावला में लोहगढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान एक बिजनेस परिवार के 24 साल के युवक केतन अग्रवाल की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शुरू में इसे हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस की जांच में हत्या का शक पैदा हुआ है। CCTV फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और टेक्निकल एनालिसिस के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक (पुणे ग्रामीण) संदीप सिंह गिल ने बताया कि 18 जून को सिया गोयल और केतन अग्रवाल लोहगढ़ किले पर गए थे। इनकी फरवरी में सगाई हुई थी। रात करीब 10:30 या 10:45 बजे सिया गोयल ने फोन करके बताया कि केतन अग्रवाल फिसलकर किले से नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर सिक्योरिटी गार्ड, पुलिस और महिला व मृतक दोनों के परिवार वाले मौके पर पहुंचे और उसी दिन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। हालांकि, बाद की जांच में ऐसी बातें सामने आईं जिनसे घटना की प्रकृति पर शक हुआ।

अनुभवी ट्रैकर था केतन

मृतक के रिश्तेदारों और दोस्तों से बातचीत और पुलिस जांच से पता चला कि ऐसी घटना अचानक होने की संभावना कम थी—खासकर एक ऐसे युवक के साथ जो अनुभवी ट्रेकर था। पुलिस ने पाया कि पीड़ित को ट्रेकिंग का अनुभव था। जांच के इन पहलुओं ने मामले को लेकर शक बढ़ा दिया।

चेतन चौधरी से सिया की दोस्ती

पुलिस ने आगे बताया कि गुप्त सूत्रों और लगातार जांच से पता चला कि सिया गोयल का चेतन चौधरी नाम का एक दोस्त था। पुलिस ने बताया कि सिया का पारिवारिक बिजनेस मार्केट यार्ड में है, जहां चेतन भी एक दुकान चलाता है। उन्होंने कहा कि दोनों एक-दूसरे को करीब एक साल से जानते थे। उन्होंने केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रची और योजना के अनुसार उसे अंजाम दिया। 

पूछताछ के दौरान दोनों ने कबूल किया जुर्म

पुलिस ने बताया कि उन्होंने केतन अग्रवाल को लोहगढ़ किले से धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिरकर मर गया। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया और सिया व चेतन दोनों को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

 

ये भी पढ़ेंः- पंजाबः सीएम के दौरे से पहले बठिंडा में भाजपा नेता के क्लीनिक पर फेंका पेट्रोल बम, इलाके में दहशत

अन्य प्रमुख खबरें