Muzaffarnagar: एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने महिला आरक्षियों को किया संबोधित, दिया ये संदेश

खबर सार :-
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मुज़फ़्फ़रनगर ज़िले में प्रशिक्षण पूरा होने के बाद नई तैनात महिला कांस्टेबलों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोक सेवा, अनुशासन और तकनीकी दक्षता पर ज़ोर दिया।

Muzaffarnagar: एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने महिला आरक्षियों को किया संबोधित, दिया ये संदेश
खबर विस्तार : -

मुजफ्फरनगरः वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने प्रशिक्षण पूर्ण कर जनपद मुजफ्फरनगर में नई तैनाती प्राप्त महिला आरक्षियों को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देश्यीय हॉल में संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने महिला आरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

विशेष सतर्कता बरतने की अपील

एसएसपी ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने महिला आरक्षियों को आमजन के साथ विनम्र व्यवहार रखने, उनकी समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनने तथा उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, महिला अपराधों के मामलों में विशेष सतर्कता बरतने और पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सहानुभूतिपूर्ण रवैया अपनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों की भूमिका समाज में महिलाओं और बालिकाओं के बीच सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण तैयार करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रत्येक महिला आरक्षी को अपने आचरण और कार्यशैली से पुलिस विभाग की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करनी चाहिए।

मिशन शक्ति अभियान का किया उल्लेख

संजय कुमार वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन शक्ति अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने महिला आरक्षियों से इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इसके अतिरिक्त, एसएसपी ने आधुनिक पुलिसिंग के तहत तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कंप्यूटर कार्यों, पुलिस पोर्टलों के उपयोग, डाटा एंट्री, रिकॉर्ड अपडेट और ऑनलाइन रिपोर्टिंग में दक्षता हासिल करने के निर्देश दिए। यक्ष ऐप सहित अन्य उपयोगी एप्लीकेशनों के प्रभावी उपयोग, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर भी विशेष बल दिया।

कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा तथा क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में एसएसपी ने सभी महिला आरक्षियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जनपद पुलिस को और अधिक सशक्त, प्रभावी और जनहितकारी बनाने की अपेक्षा जताई।


 

अन्य प्रमुख खबरें