Weather Today: नौतपा के बीच बदला मौसम, आंधी-बारिश का दौर शुरू, 21 जिलों में अलर्ट

खबर सार :-
MP Weather Today: भीषण गर्मी के बीच मौसम बदल गया है। आंधी व तूफान से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने 21 जिलों में बारिश व आंधी का अलर्ट जारी किया है।

Weather Today: नौतपा के बीच बदला मौसम, आंधी-बारिश का दौर शुरू, 21 जिलों में अलर्ट
खबर विस्तार : -

भोपाल: मध्य प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। पिछले दो दिनों में राज्य के आधे से ज्यादा हिस्सों में आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओले गिरे हैं। शनिवार को मौसम विभाग ने ग्वालियर समेत 21 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। 

गौरतलब है कि नौतपा की शुरुआत 25 मई से हो गई है, जो 2 जून को खत्म हो रहा है। इस बीच भीषण गर्मी पड़ती है। लेकिन, पिछले दो दिनों से मौसम बदल गया है। दो दिनों में राज्य के 35 से ज्यादा जिलों में बारिश, ओले या तेज आंधी का असर देखा गया है। शुक्रवार को भी कई जगहों पर मौसम अस्थिर बना रहा, जिसके चलते दिन के तापमान में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की गई। जिन जिलों के लिए शनिवार को आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है, उनमें ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडोरी, अनूपपुर, गुना, अशोकनगर, नीमच और मंदसौर शामिल हैं। 

इन जिलों में रहेगी गर्मी

इसके विपरीत, भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, रतलाम, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, कटनी, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा और सिंगरौली में गर्मी का असर बने रहने की उम्मीद है। हालांकि, इनमें से कुछ जिलों विशेष रूप से भोपाल, नर्मदापुरम, रीवा और शहडोल संभागों में दोपहर के समय मौसम का मिजाज बदल सकता है।

खंडवा में सबसे अधिक तापमान

शुक्रवार को जबलपुर और दमोह में बारिश दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो खंडवा में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नरसिंहपुर में तापमान 42.2 डिग्री, रतलाम में 41.2 डिग्री, टीकमगढ़ में 41 डिग्री, बैतूल में 40.8 डिग्री और गुना में 40.4 डिग्री रहा। राज्य के प्रमुख शहरों में उज्जैन में सबसे अधिक तापमान 40.5 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 39.8 डिग्री, इंदौर में 39.4 डिग्री, ग्वालियर में 37.4 डिग्री और जबलपुर में 38 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

5 मई तक बदला रहेगा मौसम

आमतौर पर, मई का महीना भीषण गर्मी के लिए जाना जाता है। हालांकि, इस बार महीने की शुरुआत गरज-चमक और बारिश के साथ हुई है। 5 मई तक ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना ​​है कि मौसम के मिजाज में यह बदलाव एक चक्रवाती परिसंचरण (cyclonic circulation) के सक्रिय होने के कारण आया है। इसके अलावा, हिमालयी क्षेत्र में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के चलते आने वाले दिनों में पूरे राज्य में गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है।

अन्य प्रमुख खबरें