झांसी रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट फंसी, आर्मी की मदद से यात्रियों का सुरक्षित रेस्क्यू

खबर सार :-
झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफ़ॉर्म 4/5 पर चल रही एक लिफ़्ट फँस गई। जैसे ही रेलवे प्रशासन को यह जानकारी मिली कि लिफ़्ट के अंदर लोग फँसे हुए हैं, तत्काल प्रभाव से एक बचाव दल को सक्रिय कर दिया गया। लिफ़्ट से दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

झांसी रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट फंसी, आर्मी की मदद से यात्रियों का सुरक्षित रेस्क्यू
खबर विस्तार : -

झांसीः झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4/5 पर बुधवार दोपहर करीब 12:45 बजे यात्रियों से भरी एक लिफ्ट अचानक बीच में फंस गई। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और रेलवे प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

दोनों बच्चों को निकाला गया सुरक्षित

जानकारी मिलते ही रेलवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य प्रारंभ किया। पहले चरण में 10 से 15 मिनट के भीतर दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद लिफ्ट में फंसे अन्य 5 यात्रियों को भी लगभग 30 से 40 मिनट के भीतर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

बुलाए गए आर्मी के जवान

घटना की सूचना पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ला, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) अशोक प्रिय गौतम, स्टेशन निदेशक सीमा तिवारी सहित डॉक्टरों, इंजीनियरों, आरपीएफ, जीआरपी और टिकट चेकिंग स्टाफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य में सहयोग किया। आपात स्थिति को देखते हुए MCO के माध्यम से आर्मी के जवानों को भी बुलाया गया, जिन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रशासन ने यात्रियों से की अपील

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक यात्री के बैग का स्ट्रैप लिफ्ट के दरवाजे में फंस गया, जिसे खींचने पर लिफ्ट का सेंसर प्रभावित हो गया और लिफ्ट बीच में ही रुक गई। तकनीकी खराबी के कारण यात्री अंदर फंस गए।

रेलवे प्रशासन ने घटना के बाद यात्रियों से अपील की है कि लिफ्ट का उपयोग करते समय पूरी सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार की वस्तु से दरवाजे या सेंसर को प्रभावित न करें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

अन्य प्रमुख खबरें