नशा किसी एक व्यक्ति की नहीं, पूरे समाज की समस्याः पुलिस अधीक्षक

खबर सार :-
जिला कलेक्टर डॉ. मंजू और पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में ड्रग फ्री श्रीगंगानगर अभियान के तहत श्रीकरणपुर में नशे के खिलाफ एक सशक्त नाटक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

नशा किसी एक व्यक्ति की नहीं, पूरे समाज की समस्याः पुलिस अधीक्षक
खबर विस्तार : -

श्रीगंगानगरः जिले में नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक और प्रभावी कदम उठाते हुए नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत श्रीकरणपुर में नशे के खिलाफ सशक्त नाटक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

नाटक के जरिए दिया संदेश

कार्यक्रम में प्रस्तुत नाटक के माध्यम से कलाकारों ने नशे की भयावह सच्चाई को मंच पर जीवंत कर दिया। नाटक में दिखाया गया कि किस प्रकार नशा धीरे-धीरे व्यक्ति के जीवन को खोखला कर देता है और उससे उसका परिवार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सम्मान छिन जाता है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के विक्रम ज्याणी ने लक्ष्या ज्याणी, सहीराम, अमन और अंशु के साथ मिलकर मार्मिक अभिनय किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कलाकारों ने यह भी संदेश दिया कि यदि समय रहते सही निर्णय लिया जाए, तो नशे के अंधकार से बाहर निकलकर एक नया जीवन शुरू किया जा सकता है।

दुष्प्रभावों की दी जानकारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि नशा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की समस्या है। इसे समाप्त करने के लिए केवल कानून के सहारे नहीं रहा जा सकता, बल्कि परिवार, शिक्षण संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और स्वयं युवाओं को आगे आना होगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और अपने मित्रों व आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें।

बड़ी संख्या में उपस्थित रहे लोग

नाटक के समापन के बाद कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने नशा मुक्त जीवन जीने की शपथ ली। उन्होंने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन, युवा, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में नगरपालिका स्टाफ की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन राजकुमार नागपाल द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि समाज को एक मजबूत संदेश भी दे गया कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी का सहयोग और संकल्प आवश्यक है।

अन्य प्रमुख खबरें