अयोध्याः रामनगरी में 19 मार्च को होने वाले ऐतिहासिक धार्मिक समारोह को लेकर नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस दिन भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के द्वितीय तल पर श्रीराम यंत्र की स्थापना करेंगी। इस महत्वपूर्ण अवसर पर अयोध्या नगरी को भव्य और स्वच्छ रूप में प्रस्तुत करने के लिए नगर निगम विशेष व्यवस्थाएं कर रहा है, ताकि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले हजारों अतिथि और लाखों श्रद्धालु रामनगरी की दिव्यता के साथ उसकी स्वच्छता और सुव्यवस्था का भी अनुभव कर सकें।
इसी संदर्भ में नगर निगम के तिलक हाल में एक तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्रपति के आगमन और मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए जन सुविधाओं को बेहतर बनाने की विस्तृत योजना पर चर्चा की गई और उसे अंतिम रूप दिया गया। बैठक की अध्यक्षता महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने की। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के प्रमुख स्थानों को विशेष रूप से सजाया और संवारा जाए।
महापौर ने अंडरपास, बृहस्पति कुंड, लता चौक, राम की पैड़ी तथा सरयू तट जैसे प्रमुख स्थलों पर विशेष सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सजावट के निर्देश दिए। इन स्थानों पर आने वाले श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ होने की संभावना को देखते हुए यहां पेयजल की भी पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। मंदिर परिसर के साथ-साथ इन स्थलों पर भी आगंतुकों का भ्रमण अधिक रहने की उम्मीद है, इसलिए इन जगहों को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया है।
इसके अलावा शहर में चिन्हित अतिथि गृहों, पार्किंग स्थलों, भंडारा स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और टैक्सी स्टैंड पर विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। बैठक में यह भी तय किया गया कि शहर के फुटपाथों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो, इसके लिए प्रवर्तन दल को सख्त निर्देश दिए जाएं।
महापौर ने शहर में बनाए गए करीब 20 पार्किंग स्थलों पर सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिथियों और श्रद्धालुओं को कहीं भी कूड़ा-करकट या धूल का सामना न करना पड़े, इसके लिए नियमित सफाई के साथ-साथ सड़कों पर पानी का छिड़काव भी कराया जाए। साथ ही 17 मार्च तक नालियों में एंटी-लार्वा का छिड़काव पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि बैठक में यह भी तय किया गया कि रैन बसेरों और वाटर एटीएम की आवश्यकता अनुसार मरम्मत और सफाई सुनिश्चित की जाएगी। लगभग साढ़े आठ किलोमीटर लंबे आवागमन मार्ग पर सफाई, मोबाइल टॉयलेट और पेयजल के लिए टैंकर उपलब्ध रखे जाएंगे।
इस मार्ग पर लगभग 20 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मंचन की भी व्यवस्था की जाएगी। इन स्थलों पर सफाई, पेयजल और अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही पूरे मार्ग को पौधों से सजाने की योजना बनाई गई है, जिससे शहर का वातावरण और भी आकर्षक दिखाई दे।
भंडारा स्थलों पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था और सफाई के लिए कर्मचारियों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, सुमित कुमार, महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ल, सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडेय सहित सभी जोनल अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नगर निगम का उद्देश्य है कि राष्ट्रपति के आगमन के अवसर पर अयोध्या न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बने, बल्कि स्वच्छता, सुव्यवस्था और आतिथ्य के मामले में भी एक आदर्श नगर के रूप में देश के सामने प्रस्तुत हो।
अन्य प्रमुख खबरें
रुदावल CHC में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, एक डॉक्टर के भरोसे हजारों मरीज
मिशन शक्ति 5.0 के तहत बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में जागरूकता व सम्मान समारोह आयोजित
मुजफ्फरनगर में अपराध समीक्षा बैठक: एसएसपी ने कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के दिए सख्त निर्देश
गो सम्मान आह्वान अभियान: 27 अप्रैल से देशभर में गोहत्या बैन की मांग को लेकर शुरू होगा महाअभियान
राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में वार्षिक उत्सव सम्पन्न, ‘स्पेक्ट्रम’ पत्रिका का विमोचन
खतौली में पुलिस पर हमला कर अभियुक्त छुड़ाने वाले तीन गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
शत प्रतिशत रहा सनबीम स्कूल का परीक्षा परिणाम: उत्कृष्टता की परंपरा बरकरार
अम्बेडकर जयंती सप्ताह पर भाजपा का घर-घर संपर्क अभियान, 21 बस्तियों में पहुंच रहे जनप्रतिनिधि
मुजफ्फरनगर में एसएसपी का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
अयोध्या अकैडमी के छात्रों ने CBSE 10वीं में लहराया परचम, 100% रहा परिणाम
झांसी में बनेगा मंडलीय अस्पताल, 100 बेड का कैंसर वार्ड भी होगा शामिल
झांसी मंडल के स्टेशनों पर दिव्यांगजन बनेंगे ATVM फैसिलिटेटर, टिकट बिक्री में निभाएंगे भूमिका