कांग्रेस कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती

खबर सार :-
संविधान के निर्माता और भारत रत्न, बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती कांग्रेस कार्यालय, कमला नेहरू भवन में बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। जिसका समन्वय अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राम सागर रावत ने किया।

कांग्रेस कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती
खबर विस्तार : -

अयोध्याः कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राम सागर रावत के संयोजन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें केक काटकर और बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान एक विचार गोष्ठी का भी आयोजन हुआ, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एससी-एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राम सागर रावत ने की, जबकि संचालन राजित राम कोरी द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने समाज के निचले और वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने कहा कि अंबेडकर एक ऐसी महान विभूति हैं जिन्हें सभी राजनीतिक दलों द्वारा समान रूप से सम्मान दिया जाता है।

महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपना संपूर्ण जीवन जातिगत भेदभाव के खिलाफ संघर्ष में समर्पित कर दिया। उन्होंने भारतीय समाज में समानता स्थापित करने और दलित, पिछड़े तथा कमजोर वर्गों को उनके अधिकार दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए। साथ ही उन्होंने मजदूर वर्ग और महिलाओं के अधिकारों की भी मजबूती से वकालत की।

पीसीसी सदस्य राम अवध पासी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा बाबा साहब का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही डॉ. अंबेडकर को देश का प्रथम कानून मंत्री बनाया, संविधान निर्मात्री समिति का अध्यक्ष बनाया और बाद में उन्हें भारत रत्न की उपाधि से सम्मानित किया गया।

पूर्व विधायक माधव प्रसाद ने कहा कि बाबा साहब ने भारतीय समाज के कमजोर वर्ग को संविधान के रूप में एक मजबूत हथियार दिया, जिससे आज समाज का वंचित वर्ग सम्मानपूर्वक जीवन जी पा रहा है। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह और रामदास वर्मा ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर भारतीय संविधान के निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समानता के महान विचारक भी थे।

कार्यक्रम के संयोजक राम सागर रावत ने कहा कि बाबा साहब दलित और पिछड़े वर्ग के सच्चे रहनुमा थे, लेकिन आज यह वर्ग कांग्रेस से दूर हो गया है, जबकि सबसे अधिक सम्मान कांग्रेस पार्टी ने ही उन्हें दिया है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने शिक्षा को सामाजिक उत्थान का सबसे बड़ा माध्यम माना और अपने जीवन में शिक्षा पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें एआईसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, वेद सिंह कमल, कप्तान सिंह, नाजिश फातिमा, राजकुमार पांडे, जिओ हैदर, राम बहादुर सिंह, फ्लावर नकवी, सोहनलाल, शत्रुघ्न वर्मा, राजेंद्र प्रसाद, राम तीरथ रावत, डॉ. विनोद गुप्ता, अशोक कनौजिया सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे। कार्यक्रम का समापन बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ हुआ।

अन्य प्रमुख खबरें