Australian Open Prize Money 2026: टेनिस की दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट्स में शामिल ऑस्ट्रेलियन ओपन ने इस बार इतिहास रच दिया है। टूर्नामेंट आयोजकों ने 2026 संस्करण के लिए रिकॉर्ड 111.5 मिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर की प्राइज मनी की घोषणा की है। यह अब तक की सबसे बड़ी इनामी राशि है, जो पिछले साल की 96.5 मिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर से करीब 16 प्रतिशत अधिक है।
इस ऐतिहासिक बढ़ोतरी का सबसे बड़ा फायदा पुरुष और महिला एकल वर्ग के विजेताओं को मिलेगा। अब चैंपियंस को 2.79 मिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर मिलेंगे, जो 2025 में मिले 2.35 मिलियन से 19 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं उपविजेता खिलाड़ियों को 2.15 मिलियन, जबकि सेमीफाइनल तक पहुंचने वालों को 1.25 मिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर दिए जाएंगे।

ऑस्ट्रेलियन ओपन की यह खासियत रही है कि वह सिर्फ चैंपियंस ही नहीं, बल्कि शुरुआती दौर के खिलाड़ियों को भी सपोर्ट करता है। इस बार क्वालिफाइंग राउंड की प्राइज मनी में 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। मेन ड्रॉ के पहले राउंड में बाहर होने वाले खिलाड़ियों को अब 150,000 ऑस्ट्रेलियन डॉलर मिलेंगे। इसके अलावा सभी एकल और डबल खिलाड़ियों को कम से कम 10 प्रतिशत की वृद्धि दी जाएगी।
टेनिस ऑस्ट्रेलिया के सीईओ क्रेग टिली ने कहा कि यह बढ़ोतरी हर स्तर पर खिलाड़ियों के करियर को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि 2023 से अब तक क्वालिफाइंग प्राइज मनी में कुल 55 प्रतिशत की वृद्धि की जा चुकी है। यह कदम पेशेवर टेनिस को अधिक स्थिर और समावेशी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
प्राइज मनी में यह इजाफा टेनिस ऑस्ट्रेलिया के “समर ऑफ टेनिस” प्रोग्राम के तहत किए जा रहे 135 मिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर के निवेश का हिस्सा है। इसका उद्देश्य सैकड़ों पेशेवर खिलाड़ियों के करियर को सपोर्ट करना, खेल की जड़ों को मजबूत करना और फैन्स के लिए मुकाबलों को और रोमांचक बनाना है।
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 की शुरुआत 12 जनवरी से मेलबर्न पार्क में होगी। आधिकारिक ड्रॉ 15 जनवरी को ग्रैंड स्लैम ओवल फैन स्टेज पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान गत चैंपियन जैनिक सिनर और मैडिसन कीज के एकल ड्रॉ पर सभी की नजरें रहेंगी।
अन्य प्रमुख खबरें
विनेश फोगाट को अयोग्य ठहराने पर हाईकोर्ट ने WFI को लगाई कड़ी फटकार, कहा- 'मां' बनना गुनाह नहीं
FIFA World Cup 2026 : ब्राजील की टीम में हुई नेमार की वापसी, ढाई साल बाद नेशनल टीम में हुआ चयन
अखाड़े से अदालत तक हड़कंप! Vinesh Phogat को हाई कोर्ट से तगड़ा झटका, क्या खत्म हो गया रेसलिंग करियर?
Barcelona vs Real Madrid: रियल मैड्रिड को 2-0 से हराकर बार्सिलोना ने 29वीं बार जीता La Liga का खिताब