Asian Boxing Championships 2026 : मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में खेली जा रही एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार सफर जारी है। टूर्नामेंट के पांचवें दिन भारतीय महिला मुक्केबाजों ने रिंग में अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए तीन पदक पक्के कर लिए हैं। स्टार मुक्केबाज निखत जरीन, प्रिया और प्रीति पवार ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
दो बार की विश्व चैंपियन निखत जरीन (51 किग्रा) शुक्रवार को बेहद आक्रामक मूड में नजर आईं। उन्होंने फिलीपींस की शियान बागुहिन के खिलाफ मुकाबले की शुरुआत से ही मुक्कों की बरसात कर दी। निखत की फुर्ती और मारक क्षमता का प्रतिद्वंद्वी के पास कोई जवाब नहीं था। रेफरी को हस्तक्षेप करना पड़ा और पहले ही राउंड में RSC (रेफरी स्टॉप्स कॉन्टेस्ट) के आधार पर निखत को विजेता घोषित कर दिया गया। हालांकि, सेमीफाइनल में निखत की राह आसान नहीं होगी। उनका अगला मुकाबला चीन की वू यू से है, जो पेरिस 2024 ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता हैं। यह मुकाबला इस चैंपियनशिप के सबसे रोमांचक मैचों में से एक होने की उम्मीद है।
महिलाओं के 54 किग्रा भार वर्ग में प्रीति पवार ने तकनीकी रूप से बेहद मजबूत प्रदर्शन किया। वर्ल्ड बॉक्सिंग कप की गोल्ड मेडलिस्ट प्रीति ने स्थानीय मुक्केबाज मुगुंटसेतसेग को एकतरफा अंदाज में 5-0 से शिकस्त दी। अब सेमीफाइनल में प्रीति का सामना कोरिया की अनुभवी बॉक्सर इम एजी से होगा, जो ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियनशिप की पदक विजेता रह चुकी हैं। वहीं, 60 किग्रा वर्ग में प्रिया ने अपनी रणनीतिक सूझबूझ से चीनी मुक्केबाज चेंग्यू यांग को 4-1 से मात दी। प्रिया ने पूरे मैच के दौरान दूरी बनाए रखी और सटीक जवाबी हमले किए। अब वह फाइनल में जगह बनाने के लिए मंगोलिया की नामून मोंखोर से भिड़ेंगी।
भारतीय पुरुष मुक्केबाजों के लिए शुक्रवार का दिन मिला-जुला रहा। 70 किग्रा वर्ग में दीपक को जॉर्डन के जियाद ईशाश के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा और वह प्रतियोगिता से बाहर हो गए। हालांकि, इससे पहले आदित्य (65 किग्रा) ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। मौजूदा नेशनल चैंपियन आदित्य ने सऊदी अरब के मूसा अलहवसाव को 5-0 से हराकर अपनी लय बरकरार रखी। जनवरी में नेशनल गोल्ड जीतने वाले आदित्य अपनी सटीक तकनीक और नियंत्रण के कारण इस टूर्नामेंट में पदक के बड़े दावेदार माने जा रहे हैं।
एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में तीन महिलाओं के पहुंचने से भारतीय दल काफी उत्साहित है। बॉक्सिंग विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय मुक्केबाजों की वर्तमान फॉर्म को देखते हुए इस बार पदकों का रंग सुनहरा हो सकता है। "निखत और प्रीति जैसे मुक्केबाजों का प्रदर्शन युवाओं के लिए प्रेरणा है। सेमीफाइनल के मुकाबले कठिन जरूर हैं, लेकिन भारतीय टीम मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह तैयार है।" भारत अब इस महाद्वीपीय चैंपियनशिप में कम से कम तीन पदकों की उम्मीद कर सकता है, लेकिन मुक्केबाजों की नजरें अब गोल्ड मेडल पर टिकी हैं। कल होने वाले सेमीफाइनल मुकाबलों पर पूरे देश की नजरें रहेंगी।
अन्य प्रमुख खबरें
Liverpool vs PSG Highlights: लिवरपूल को 2-0 हराकर UEFA चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में पहुंची पीएसजी
Indian women's hockey team tours Argentina : नवनीत कौर के नेतृत्व में मैदान पर उतरेंगी बेटियाँ
Barcelona vs Atlético Madrid: रोमांचक मुकबाले में एटलेटिको मैड्रिड ने बार्सिलोना को 2-0 से दी शिकस्त
Real Madrid vs Elche La Liga: रियल मैड्रिड ने एल्चे को 4-1 से रौंदकर खिताबी दौड़ को बनाया रोमांचक