Al Nassr vs Damac: रोनाल्डो का डबल धमाका, दमैक को 4-1 से हराकर अल नासर ने जीता सऊदी प्रो लीग का खिताब

खबर सार :-
Al Nassr vs Damac Saudi Pro League: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अल नासर को उसका 11वां सऊदी प्रो लीग खिताब दिलाया। यह इस सुपरस्टार का सऊदी अरब में पहला लीग खिताब है, जो पुर्तगाल, इंग्लैंड, स्पेन और इटली में उनकी ट्रॉफी जीतों की सूची में जुड़ गया है। दमैक के खिलाफ रोनाल्डो ने दो गोल किए। जिससे अल नासर ने दमैक पर 4-1 से शानदार जीत दर्ज की।

Al Nassr vs Damac: रोनाल्डो का डबल धमाका, दमैक को 4-1 से हराकर अल नासर ने जीता सऊदी प्रो लीग का खिताब
खबर विस्तार : -

Al Nassr vs Damac, Saudi Pro League: पुर्तगाली स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo ) की अगुवाई वाली अल नासर (Al-Nassr) ने सीज़न के आखिरी दिन सऊदी प्रो लीग (SPL) का खिताब अपने नाम कर लिया है। गुरुवार रात रियाद के अल-अव्वल पार्क में खेले गए निर्णायक मुकाबले में अल नासर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दमैक क्लब को 4-1 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही  अल नासर का सात साल लंबा ट्रॉफी का इंतज़ार खत्म हो गया है। क्लब ने 2018-19 सीज़न के बाद पहली बार लीग ट्रॉफी जीती है। रोनाल्डो के लिए  यह सऊदी क्लब के साथ उनका पहला बड़ा आधिकारिक खिताब है।

पिछले ही हफ़्ते AFC चैंपियंस लीग टू के फ़ाइनल में जापानी क्लब गाम्बा ओसाका से अल नासर की हार के बाद रोनाल्डो काफ़ी निराश नज़र आ रहे थे। हालांकि, सीज़न के इस सबसे अहम मैच में, 41 साल के इस दिग्गज फ़ॉरवर्ड ने शानदार वापसी की।  उन्होंने दूसरे हाफ़ में लगातार दो गोल दागकर अल नासर को चैपिययंस बनाया और फ़ैन्स को जश्न मनाने का मौका दिया।

Al Nassr vs Damac: सादियो माने ने दिलाई शुरुआती बढ़त

अल नासर ने मैच के पहले हाफ़ से ही आक्रामक फ़ुटबॉल खेलना शुरू कर दिया था। टीम को पहली सफलता 33वें मिनट में मिली, जब सादियो माने (Sadio Mané) ने पहला गोल दागा। जोआओ फ़ेलिक्स द्वारा लिए गए कॉर्नर किक पर ऊंची छलांग लगाते हुए, माने ने गेंद को सीधे हेडर से नेट में पहुंचा दिया। फ़ेलिक्स पूरे मैच के दौरान राइट विंग और मिडफ़ील्ड में काफ़ी सक्रिय रहे, और दमैक के डिफ़ेंडर्स पर लगातार दबाव बनाए रखा। हाफ़टाइम तक अल नासर 1-0 से आगे था।

पेनल्टी के ज़रिए दमैक ने वापसी की कोशिश 

दमैक जो सऊदी प्रो लीग (Saudi Pro League) में अपनी जगह बचाने और रेलिगेशन से बचने के लिए संघर्ष कर रहा था, ने दूसरे हाफ़ की शुरुआत में ही वापसी करने की कोशिश की। मैच के 58वें मिनट में, दमैक को एक पेनल्टी मिली, जिसे मोरले सिला ने बिना कोई गलती किए गोल में बदल दिया, और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इस बीच, 62वें मिनट में अल नासर के किंग्सले कोमन ने गोल करके टीम को 2-1 से आगे कर दिया।

क्रिस्टियानो रोनाल्डो का डबल धमाका

इस मोड़ के बाद, यह मैच पूरी तरह से क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) की शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन बन गया। रोनाल्डो ने मैच का अपना पहला गोल एक फ्री-किक से किया। इसके बाद, 81वें मिनट में, रोनाल्डो ने मैच का अपना दूसरा गोल दागा और टीम का कुल मिलाकर चौथा गोल किया। किंग्सले कोमन ने गेंद को दाहिने विंग से आगे बढ़ाया और अपने कप्तान रोनाल्डो को एक बेहतरीन पास दिया, जो बॉक्स के बीच में मौजूद थे; रोनाल्डो ने इस मौके को आसानी से गोल में बदल दिया, और इस तरह अल नासर के लिए 4-1 की जीत पक्की करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया।

Ronaldo की कप्तानी में पहला खिताब जीता अल नासर

बता दें कि जनवरी 2023 में अल नासर में शामिल होने के बाद यह रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) का पहला बड़ा खिताब है। जबकि अल नासर का यह 11वां लीग खिताब है। जबकि रोनाल्डो के आने के बाद क्लब का यह पहला खिताब है। अल नासर ने अभी पिछले ही हफ़्ते घरेलू चैंपियनशिप का खिताब जीतने से बाल-बाल चूक गया था।  इसके अलावा, अल नासर को AFC चैंपियंस लीग टू के फ़ाइनल में गाम्बा ओसाका के ख़िलाफ़ अपने घरेलू मैदान पर हार का सामना करना पड़ा था। रोनाल्डो ने अब पुर्तगाल, इंग्लैंड, स्पेन, इटली और सऊदी अरब में घरेलू लीग खिताब जीत लिए हैं। अगली बार उन्हें 2026 FIFA विश्व कप में पुर्तगाल के लिए खेलते हुए देखा जाएगा; यह उनका छठा विश्व कप होगा।

अन्य प्रमुख खबरें