Shreyas Iyer Injury Update: भारतीय क्रिकेटर श्रेयस अय्यर को गहन चिकित्सा इकाई (ICU) से छुट्टी मिल गई है। फिलहाल उनकी हालत अब स्थिर है। उम्मीद है कि अय्यर अगले हफ़्ते तक पूरी तरह ठीक हो जाएंगे। सूत्रों की माने तो टीम प्रबंधन श्रेयस अय्यर के संपर्क में है और उनकी रिकवरी पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
बता दें कि श्रेयस अय्यर 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलियाई पारी के 34वें ओवर में क्षेत्ररक्षण करते समय चोटिल हो गए थे। हर्षित राणा के ओवर की चौथी गेंद पर एलेक्स कैरी ने हवाई शॉट खेला। अय्यर गेंद पकड़ने के लिए विपरीत दिशा में दौड़ने लगे। आखिरकार, अय्यर गेंद पकड़ने में कामयाब रहे, लेकिन जमीन पर गिर पड़े। जिससे अय्यर की बाईं पसली में चोट लग गई और वह दर्द से कराहने लगे। इसके बाद अय्यर मैदान छोड़कर चले गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
शुरुआत में लगा कि यह पसली की चोट है, लेकिन यह अनुमान से कहीं ज़्यादा गंभीर निकली, जिसके कारण अय्यर को सिडनी के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। अब उनकी हालत में सुधार के अच्छे संकेत दिख रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, उनका परिवार जल्द ही उनकी स्थिति का हालचाल जानने के लिए ऑस्ट्रेलिया जा सकता है।
इससे पहले, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अय्यर की चोट की पुष्टि करते हुए कहा था, "स्कैन से प्लीहा में चोट का पता चला है। उनका इलाज जारी है। अय्यर की हालत स्थिर है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम सिडनी और भारत के विशेषज्ञों के परामर्श से उनकी चोट पर कड़ी नज़र रख रही है। भारतीय टीम के डॉक्टर उनकी दैनिक प्रगति का आकलन करने के लिए सिडनी में श्रेयस के साथ रहेंगे।" श्रेयस अय्यर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में 11 रन और एडिलेड में 61 रन बनाए थे। हालांकि, सिडनी में खेले गए तीसरे मैच में अय्यर ने बल्लेबाजी नहीं की थी।
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच 29 अक्टूबर से टी20 सीरीज की शुरुआत होने जा रही है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया है कि टीम इंडिया इस 5 मुकाबलों की सीरीज के लिए पूरी तरह से तैयार है, जिसकी तैयारी एशिया कप के साथ ही शुरू हो गई थी। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मुकाबलों की वनडे सीरीज 1-2 से गंवाई। इसके बाद 29 अक्टूबर से 8 नवंबर के बीच दोनों देश 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेलेंगे। वनडे सीरीज हारने के बाद टीम इंडिया टी20 सीरीज जीतकर ऑस्ट्रेलिया से बदला लेना चाहेगी।