RCB vs SRH IPL 2026: हैदराबाद के खिलाफ 200+ रन का टारगेट चेज कर आरसीबी ने रचा इतिहास, तोड़ा RR का बड़ा रिकॉर्ड

खबर सार :-
RCB vs SRH Highlights, IPL 2026: सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने मैच में, RCB ने सिर्फ 15.4 ओवर में 202 रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल कर लिया। इस लक्ष्य को हासिल करके, RCB टीम ने अपने नाम एक नया रिकॉर्ड भी बना लिया है।

RCB vs SRH IPL 2026: हैदराबाद के खिलाफ 200+ रन का टारगेट चेज कर आरसीबी ने रचा इतिहास, तोड़ा RR का बड़ा रिकॉर्ड
खबर विस्तार : -

RCB vs SRH IPL 2026: क्रिकेट के महाकुंभ इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 28 मार्च से आगाज हो गया है। शनिवार को लीग का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (Royal Challengers Bengaluru vs Sunrisers Hyderabad) के बीच  एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम (M. Chinnaswamy Stadium) बेंगलुरु में खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में रजत पाटीदार (Rajat Patidar) की कप्तानी वाली आरसीबी ने ईशान किशन (Ishan Kishan) की एसआरएस को 6 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस सीजन अपने अभियान का आगाज जीत के साथ किया है। इस मुकाबले में हैदराबाद की टीम ने बेंगलुरु के सामने जीत के लिए 202 रन का लक्ष्य रखा था। जिसे आरसीबी ने सिर्फ 15.4 ओवर में हासिल करके एक नया इतिहास रच दिया।  

RCB vs SRH IPL 2026: आरसीबी ने रचा इतिहास

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु IPL के इतिहास में सबसे कम ओवरों में 200 से ज़्यादा रनों का टारगेट चेज करने वाली टीम बन गई है। रजत पाटीदार की कप्तानी में, RCB ने सनराइजर्स हैदराबाद द्वारा दिए गए 202 रनों के टारगेट को सिर्फ़ 15.4 ओवरों में सफलतापूर्वक चेज कर लिया। इसी के साथ ही टीम ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के नाम दर्ज बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। IPL 2025 के दौरान गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेले गए एक मैच में, राजस्थान ने 210 रनों का टारगेट 15.5 ओवरों में चेज़ किया था।

उस मैच में 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक शतक लगाया था। IPL में 200+ के टारगेट को सबसे तेजी से चेज करने वाली टीमों की लिस्ट में आरसीबी तीसरे नंबर पर भी है। 2024 में RCB टीम ने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 200 से ज़्यादा रनों का टारगेट सिर्फ 16 ओवर में सफलतापूर्वक चेज़ कर लिया था। इस लिस्ट में मुंबई इंडियंस चौथे नंबर पर है। मुंबई ने 2023 के IPL सीजन के दौरान वानखेड़े स्टेडियम में RCB के खिलाफ 200 से ज़्यादा रनों का टारगेट सिर्फ़ 16.3 ओवर में चेज कर लिया था। जबकि, दिल्ली कैपिटल्स पांचवें नंबर पर है, जिसने 2017 के IPL सीज़न के दौरान गुजरात लायन्स के खिलाफ 200 से ज़्यादा रनों का टारगेट 17.3 ओवर में सफलतापूर्वक चेज कर लिया था।

IPL में सबसे तेज 200 + का टारगेट चेज करने वाली टॉप-5 टीमें

15.4 - RCB vs SRH- बेंगलुरु, 2026
15.5 - RR vs GT-   जयपुर, 2025
16.0 - RCB vs GT-  अहमदाबाद, 2024
16.3 - MI vs RCB-  वानखेड़े, 2023
17.3 - DC vs GL-   दिल्ली, 2017

RCB vs SRH Highlights: कोहली-देवदत्त पडिक्कल ने खेली विस्फोटक पारी

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ़ से विराट कोहली (Virat Kohli) और देवदत्त पडिक्कल ( Devdutt Padikkal) ने शानदार प्रदर्शन किया। कोहली ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए, उन्होंने सिर्फ़ 38 गेंदों में 69 रनों की धमाकेदार पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए आखिर तक क्रीज़ पर डटे रहे। कोहली की इस पारी में 5 चौके और 5 छक्के शामिल थे। विराट को दूसरे छोर से देवदत्त पडिक्कल का भी ज़बरदस्त साथ मिला। पडिक्कल ने सिर्फ़ 26 गेंदों में 61 रनों की तूफ़ानी पारी खेली। पडिक्कल ने अपनी पारी के दौरान 7 चौके और 4 छक्के लगाए। इसके अलावा कप्तान रजत पाटीदार  ने सिर्फ 12 गेंदों में 31 रनों का योगदान दिया, जबकि टिम डेविड 16 रनों पर नाबाद रहे।

RCB vs SRH: ईशान किशन की तूफानी पारी गई बेकार

इससे पहले मैच में, सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर कुल 201 रन बनाए थे। टीम के लिए कप्तान ईशान किशन (Ishan Kishan) ने 38 गेंदों में 80 रनों की तूफानी पारी खेली। वहीं, अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों में 43 रन बनाए। जबकि हाइनरिक क्लासन 31 रन बनाने में कामयाब हुए थे. गेंदबाजी के मोर्चे पर, RCB के लिए अपना IPL डेब्यू कर रहे जैकब डफी ने 4 ओवरों में सिर्फ़ 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि रोमारियो शेफर्ड ने भी 3 विकेट हासिल किए।
 

अन्य प्रमुख खबरें