SA W vs ENG W Semi-Final, World Cup 2025: साउथ अफ्रीका बनाम इंग्लैंड के बीच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में महिला वर्ल्ड कप 2025 का पहला सेमीफाइनल खेला जा रहा है। पहले बैटिंग करते हुए साउथ अफ्रीका ने कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट (Laura Wolvaardt) की यादगार सेंचुरी की बदौलत 7 विकेट के नुकसान पर 319 रन बनाए। खबर लिखे जाने तक इंग्लैंड ने 11 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए है।
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर इस अहम सेमीफाइनल मैच में पहले बॉलिंग करने का फैसला किया। इंग्लैंड के इस फैसले को अकेले साउथ अफ्रीकी कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट (Laura Wolvaardt) ने गलत साबित कर दिया। एक छोर संभालते हुए लॉरा ने 143 गेंदों में 20 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 169 रनों की शानदार पारी खेली। सेमीफाइनल में लॉरा वोलवार्ड्ट की यह पारी लंबे समय तक याद रखी जाएगी। लौरा वोल्वार्ड्ट ने पहले विकेट के लिए टैज़मिन ब्रिट्स (45) के साथ 116 रनों की पार्टनरशिप और चौथे विकेट के लिए मैरिज़ेन कैप (42) के साथ 72 रनों की जोड़े। आखिरी ओवरों में क्लो ट्रायोन ने 26 गेंदों में 33 रन और नादिन डी क्लर्क ने 6 गेंदों में 11 रन बनाकर टीम का स्कोर 50 ओवर में 7 विकेट पर 319 रन तक पहुंचाया।
कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट की पारी साउथ अफ्रीका के लिए संकटमोचक साबित हुई। उन्होंने न सिर्फ साउथ अफ्रीका को एक बहुत ही सेफ स्कोर तक पहुंचाया, बल्कि एक ऐसी पारी भी खेली जो लंबे समय तक याद रखी जाएगी। इसी के साथ उन्होंने अपने वनडे करियर में 10वीं बार 100 रन का आंकड़ा पार किया। इतना ही नहीं जब वोलवार्ड्ट आउट होने के बाद पवेलियन लौट रही थीं, तो इंग्लिश खिलाड़ियों ने भी उनकी मैराथन पारी के लिए तालियां बजाईं। इंग्लैंड के लिए सोफी एक्लेस्टोन सबसे सफल बॉलर रहीं, जिन्होंने 10 ओवर में 44 रन देकर 4 विकेट लिए। लॉरेन बेल ने 10 ओवर में 55 रन देकर 2 विकेट लिए। नेट साइवर-ब्रंट महंगी साबित हुईं, उन्होंने 8 ओवर में 67 रन दिए और 1 विकेट लिया।