Indian Premier League 2026 : Slow Over Rate ने किया दिल्ली कैपिटल्स की जीत का मजा किरकिरा, डीसी के कप्तान पर लगा 12 लाख का जुर्माना

खबर सार :-
आईपीएल के 55वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हरा दिया। जीत के साथ डीसी ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार रखी हैं। मैच में स्लो ओवर रेट के चलते डीसी के कप्तान अक्षर पटेल पर 12 लाख का जुर्माना लगाया गया है। पंजाब किंग्स ने पहले खेलते हुए निर्धारित ओवरों में 210 रन बनाए। 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसी ने 19 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की।

Indian Premier League 2026 : Slow Over Rate ने किया दिल्ली कैपिटल्स की जीत का मजा किरकिरा, डीसी के कप्तान पर लगा 12 लाख का जुर्माना
खबर विस्तार : -

Indian Premier League 2026 : आईपीएल 2026 के 55वें मुकाबले में सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को 3 विकेट से हराया। इस मैच के बाद डीसी के कप्तान अक्षर पटेल पर 12 लाख का जुर्माना लगाया गया है।  

पंजाब किंग्स के खिलाफ धीमी ओवर गति के कारण लगा अक्षर पर जुर्माना 

अक्षर पर यह जुर्माना दिल्ली कैपिटल्स द्वारा पंजाब किंग्स के खिलाफ धीमी गति से ओवर फेंकने के कारण लगा है। अक्षर को आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 का दोषी पाया गया है। आईपीएल 2026 में डीसी पहली बार तय समय के अंदर अपने पूरे ओवर फेंकने में नाकाम रही है, जिसके कारण सिर्फ कप्तान पर जुर्माना लगाया गया है।

टीम के प्रदर्शन से खुश हूं: अक्षर पटेल

जीत के बाद डीसी के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा कि वह टीम के प्रदर्शन से खुश हैं और उन्होंने उम्मीद जताई कि डीसी जीत की इस लय को आने वाले मुकाबलों में भी बरकरार रखने में सफल रहेगी। पीबीकेएस के खिलाफ मिली जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ने कहा, "मैं जैसा पिछले कुछ मुकाबलों से कह रहा था, अहम परेशानी उन जरूरी पलों को गंवाना था।

मैच में जब भी महत्वपूर्ण पल आते थे, तो नतीजे हमारे पक्ष में नहीं जा रहे थे। तब भी, मैं कहता रहा कि यह बहुत अच्छी टीम है और हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं। बस मैच में एक-दो पलों की वजह से हमें नुकसान हुआ। हालांकि, लंबे टूर्नामेंट में ऐसा होता है। हर दिन अलग होता है। इस मुकाबले में टीम ने जिस तरह खेला, उससे बहुत खुश हूं और उम्मीद है कि हम इस लय को बरकरार रख पाएंगे।

बीच के ओवरों में मुकेश-माधव ने की बढ़िया गेंदबाजी 

अक्षर ने कहा कि बीच के ओवरों में मुकेश और माधव की बढ़िया गेंदबाजी डीसी के लिए अहम साबित हुई। उन्होंने कहा, "हमने शुरुआत के 3-4 ओवर में ही 60 रन दे दिए थे। हालांकि, बीच के ओवरों में जिस तरह से मुकेश कुमार और माधव तिवारी ने गेंदबाजी की, उसने मुझे राजस्थान रॉयल्स के मैच की थोड़ी याद दिला दी और मुझे लगता है कि वह एक बड़ा पल रहा। फिर बल्लेबाजी में मेरे और डेविड मिलर के बीच साझेदारी ने मामला संभाल लिया, और उसके बाद आशुतोष शर्मा और माधव जैसे युवाओं ने मैच को खूबसूरती से खत्म किया।

विकेट पर तेज गेंदबाजों को मिल रही मदद थी

मैच में खुद न गेंदबाजी करने के फैसले पर अक्षर ने कहा, "विकेट अलग तरह से बर्ताव कर रहा था। पहले कुछ ओवर के बाद, खासकर जब आकिब नबी ने गेंदबाजी की, तो मुझे लगा कि बॉल स्विंग हो रही है और सीम भी हो रही है। हमने शायद पहले 3-4 ओवर में सही एरिया में गेंदबाजी नहीं की, लेकिन जब हमें एहसास हुआ कि तेज गेंदबाजों के लिए मदद है, तो मुझे लगा कि स्पिन की ज्यादा जरूरत नहीं है। जब मैंने माधव और आकिब को अतिरिक्त ओवर दिए, तब भी गेंद के साथ कुछ हो रहा था। इसी वजह से मैंने सोचा कि अगर तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही है, तो मुझे खुद को लाने के बजाय उनका इस्तेमाल करते रहना चाहिए।

पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को दिया था 211 रनों का लक्ष्य 

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 210 रन लगाए। प्रियांश आर्या ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 56 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों में नाबाद 59 रन बनाए। वहीं, कूपर कोनोली ने 27 गेंदों में 38 रनों का योगदान दिया, तो सूर्यांश शेडगे ने 8 गेंदों में 21 रन बनाए।

डीसी ने अक्षर-डेविड की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से 19 ओवरों में ही लक्ष्य कर लिया हासिल

हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स 211 रनों के लक्ष्य को 7 विकेट खोकर 19 ओवर में हासिल करने में सफल रही। डीसी की तरफ से अक्षर पटेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 56 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, डेविड मिलर ने 28 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। अक्षर-मिलर ने चौथे विकेट के लिए 34 गेंदों में 64 रनों की अहम साझेदारी निभाई।

आशुतोष शर्मा ने सिर्फ 10 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि अंत के ओवरों में माधव तिवारी ने 8 गेंदों में 18 रन बनाते हुए दिल्ली कैपिटल्स को इस सीजन की पांचवीं जीत दिलाई। माधव ने गेंदबाजी में भी दो विकेट निकाले, जिसके चलते उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। इस जीत के साथ ही डीसी ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। दिल्ली कैपिटल्स के 12 मुकाबलों में अब 10 प्वाइंट हो गए हैं।

अन्य प्रमुख खबरें