‘लोकतंत्र में हिंसा के लिए जगह नहीं’, राष्ट्रपति ट्रंप पर हमले की पीएम मोदी ने की निंदा

खबर सार :-
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर डिनर पार्टी के दौरान हुए हमले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।

‘लोकतंत्र में हिंसा के लिए जगह नहीं’, राष्ट्रपति ट्रंप पर हमले की पीएम मोदी ने की निंदा
खबर विस्तार : -

नई दिल्ली: व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी की घटना पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया सामने आई है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है और इसकी एक स्वर में निंदा की जानी चाहिए। 

पीएम मोदी ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "वाशिंगटन डीसी के एक होटल में हुई हालिया सुरक्षा घटना के बाद यह जानकर राहत मिली कि राष्ट्रपति ट्रंप, फर्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ है। मैं उनकी निरंतर सुरक्षा और कुशलता के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं। लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं होती और इसकी सख्त निंदा होनी चाहिए।"

डिनर पार्टी के दौरान गोलीबारी

अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी से अफरा तफरी मच गई। यह कार्यक्रम वॉशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित किया गया था, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। जैसे ही गोली चलने की आवाज सुनाई दी, सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और राष्ट्रपति ट्रंप समेत सभी शीर्ष अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि हमलावर के पास हथियार मौजूद थे और वह अकेले ही इस घटना को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था। मामले की जांच जारी है।

पहले भी हो चुका है हमला

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर पहले भी हमला हो चुका है। जुलाई 2024 में, पेन्सिलवेनिया के बटलर में एक कैंपेन रैली में ट्रंप की हत्या की कोशिश की गई थी। इस दौरान एक बंदूकधारी ने राष्ट्रपति पर कई गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली उनके कान के पास से गुजरी और वे बाल-बाल बच गए।


 

अन्य प्रमुख खबरें