Petrol-Diesel Price Hike: महंगाई का झटका! पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े, नए रेट आज से लागू

खबर सार :-
Petrol-Diesel Price Hike: वैश्विक स्तर पर, कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति में आई बाधाओं के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल देखा जा रहा है। इसका सीधा असर भारतीय तेल कंपनियों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ा है। बढ़ती लागत और भारी वित्तीय नुकसान का सामना करते हुए तेल कंपनियों ने आखिरकार पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है।

Petrol-Diesel Price Hike: महंगाई का झटका! पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े, नए रेट आज से लागू
खबर विस्तार : -

नई दिल्ली: शुक्रवार से पूरे देश में पेट्रोल और डीजल की नई दरें लागू हो गई हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 3.14 रुपये प्रति लीटर बढ़कर (Petrol-Diesel Price Hike) 97.77 रुपये हो गई है, जबकि डीजल 3.11 रुपये  महंगा होकर 90.67 रुपये  प्रति लीटर पर पहुंच गया है।

इस बीच, मध्य पूर्व में चल रहे संकट के चलते तेल कंपनियों ने CNG की कीमतें भी बढ़ा दी हैं। शुक्रवार से लागू हुई नई दरों के अनुसार, CNG की कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में अब CNG की नई दर 79.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।

क्यों बढ़े तेल के दाम

सरकारी स्वामित्व वाली तेल कंपनियां इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम का कहना है कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पहले ही संकेत दिया था कि तेल कंपनियों को प्रतिदिन 1,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि खुदरा कीमतें नहीं बढ़ाई गईं, तो एक ही तिमाही में कंपनियों का कुल नुकसान 1 लाख करोड़  रुपये से भी अधिक हो सकता है। पेट्रोलियम योजना और विश्लेषण प्रकोष्ठ (PPAC) के अनुसार, पिछले तीन महीनों से 'इंडियन बास्केट' में कच्चे तेल की औसत कीमत 100 डाॅलर प्रति बैरल के स्तर से ऊपर बनी हुई है। अप्रैल 2026 में यह औसत 114 डाॅलर प्रति बैरल था, जबकि मई में इसकी कीमत लगभग 104 डाॅलर प्रति बैरल दर्ज की गई थी।

PM ने की थी ईंधन बचाने की अपील

इसके अलावा, पिछले रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मौजूदा संकट को देखते हुए जनता से अपील की थी कि वे ईंधन का समझदारी से इस्तेमाल करें, और विदेशी मुद्रा भंडार को बचाने के लिए सोने की खरीद तथा विदेश यात्रा को कुछ समय के लिए टाल दें। इस बीच, भारतीय रुपये में भारी गिरावट देखने को मिली है, और यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले ₹95 प्रति डॉलर के स्तर को पार कर गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के कारण, आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में और भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में एक्साइज ड्यूटी, VAT, डीलर कमीशन और अन्य शुल्कों को शामिल किए जाने से उपभोक्ताओं पर एक अतिरिक्त बोझ पड़ता है। बढ़ती महंगाई के इस माहौल में, ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ना तय है।

अन्य प्रमुख खबरें