Weather Update: प्रचंड गर्मी और लू की चपेट में पूरा उत्तर भारत, दिल्ली से यूपी-बिहार तक लोगों का हाल बेहाल, जानें कब मिलेगी राहत

खबर सार :-
India Weather Update: पूरा उत्तर भारत प्रचंड गर्मी और लू की चपेट में है। हालांकि राहत की बात ये ही कि 28 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। सोमवार को कुछ जगह बारिश और 30-40 km/h की हवा चल सकती है, लेकिन आज यूपी में लू का प्रकोप जारी रहेगा।

Weather Update: प्रचंड गर्मी और लू की चपेट में पूरा उत्तर भारत, दिल्ली से यूपी-बिहार तक लोगों का हाल बेहाल, जानें कब मिलेगी राहत
खबर विस्तार : -

India Weather Update: देश के कई हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी और लू (Heatwave) का कहर जारी है। कई शहरों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जिससे रोज़मर्रा की ज़िंदगी पर असर पड़ रहा है। खास बात यह है कि दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में से 95 भारत में ही हैं। दिल्ली, लखनऊ, भुवनेश्वर, भोपाल, चंड़ीगढ़, नागपुर और अकोला जैसे शहरों में तापमान सामान्य से काफी ज़्यादा दर्ज किया गया है। सबसे तीखा असर उत्तर प्रदेश और राजस्थान में दिखा, जहां पारा 46 डिग्री के करीब पहुंच गया।

Weather Update: 46.6 डिग्री के साथ बांदा सबसे गर्म जिला

उधर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने लोगों को सावधानी बरतने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। ज़्यादा देर तक गर्मी में रहने से हीटस्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और बिजली की खपत बढ़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लू चलने की संभावना जताई है। यूपी का बांदा 46.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा, जबकि राजस्थान के कोटा में 44.8 और चूरू में 43 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। राजस्थान के 10 शहरों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंचना बताता है कि गर्मी ने व्यापक दायरा ले लिया है।

इसके अलावा, विभाग ने अगले दो दिनों में दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और बिहार में बिजली कड़कने और गरज-चमक के साथ तेज़ हवाएं चलने का अनुमान लगाया है। विभाग ने कल के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' भी जारी किया है, जिसमें पश्चिम बंगाल, झारखंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश में तेज़ हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। साथ ही, आंध्र प्रदेश, केरल, माहे और तमिलनाडु में मौसम गर्म और उमस भरा रहने की उम्मीद है।

heatwave alert delhi up Bihar

दिल्ली-NCR में गर्मी के तेवर और हुए तीखे 

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में की बात करें तो यहां गर्मी के तेवर और तीखे हो गया है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया है। आज भी पूरे दिन भीषण लू का असर महसूस होगा, जिससे रोज़मर्रा के कामकाज में बाधा आ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, दोपहर के समय तेज़ सतही हवाएं चलेंगी और लू का प्रकोप अपने चरम पर होगा। गर्म हवाओं का असर शाम तक भी बना रहेगा। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचें और खूब पानी पिएं।

बिहार में भीषण गर्मी का कहर

बिहार में मौसम के मिजाज में दोहरी प्रकृति देखने को मिल रही है। एक तरफ, बारिश और आंधी-तूफान के कारण उत्तरी बिहार के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट आई है; वहीं दूसरी तरफ, दक्षिणी बिहार अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में है। सोमवार को, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के 13 जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया, जिसमें आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।

Heat Wave Alert: लू की चपेट यूपी, घरों से बाहर निकलना हुआ मुश्किल 

उत्तर प्रदेश इस समय भीषण लू की चपेट में है। दिन के समय चलने वाली झुलसा देने वाली हवाओं के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। राज्य के कई जिलों में पारा 45 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है। इस बीच, बांदा राज्य का सबसे गर्म जिला बनकर उभरा, जहां रविवार को अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज 27 अप्रैल को भी लू की स्थिति बने रहने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा, विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि 28 अप्रैल को मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है; इस दिन, क्षेत्र में बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं के साथ आंधी-तूफान आ सकता है।

heatwave alert delhi up Bihar

Weather Update: यूपी में 28 अप्रैल से बदलेगा मौसम 

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 28 अप्रैल से मौसम के हालात बदलने की संभावना है। सोमवार को उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, और हवाएं 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। अधिकारियों ने बताया कि 29 अप्रैल को हवा की रफ्तार और तेज़ हो सकती है, जो 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है।

कब मिलेगी भीषण गर्मी से राहत

मौसम विभाग (IMD) की माने तो 28 अप्रैल से मौसम के मिजाज में बदलाव की उम्मीद है। इस दिन, अधिकतम तापमान गिरकर 41 डिग्री के नीचे आने की संभावना है। इसके अलावा, गरज और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश का भी पूर्वानुमान है। 29 अप्रैल को भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने की उम्मीद है, जिसमें अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने की संभावना है।

30 अप्रैल को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और गरज व बिजली चमकने के साथ हल्की मौसमी हलचल देखने को मिल सकती है। इस दिन तापमान अधिकतम 38 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। 1 और 2 मई को आसमान साफ रहने की संभावना है, हालांकि तापमान नियंत्रण में रहने की उम्मीद है। इन दिनों, अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

अन्य प्रमुख खबरें