Aarogya Setu 2.0 : अब एक ही ऐप में मिलेंगी मेडिकल रिकॉर्ड और सभी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं

खबर सार :-

ऐप में एक महत्वपूर्ण मेडिकेशन रिमाइंडर फीचर भी दिया गया है। इसकी मदद से उपयोगकर्ताओं को दवा लेने का समय, दवा की मात्रा और दिन में कितनी बार दवा लेनी है, इसकी समय-समय पर सूचना मिलेगी। इससे नियमित इलाज कराने वाले मरीजों को विशेष सुविधा मिलेगी।
Aarogya Setu 2.0 : अब एक ही ऐप में मिलेंगी मेडिकल रिकॉर्ड और सभी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं

खबर विस्तार : -

नई दिल्लीः केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा सोमवार को आरोग्य सेतु 2.0 ऐप लॉन्च करेंगे। कोरोना महामारी के दौरान संपर्क अनुरेखण (कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग) और संक्रमण संबंधी जानकारी देने के लिए विकसित किया गया आरोग्य सेतु ऐप अब पूरी तरह नए स्वरूप में लोगों के सामने आएगा। इस नए संस्करण को नागरिकों के लिए एक व्यापक डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया गया है, जहां स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी लगभग सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

क्या है इस नए ऐप की खासियत

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत विकसित आरोग्य सेतु 2.0 का उद्देश्य देश के डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम को मजबूत करना है। करीब 20 करोड़ डाउनलोड वाले इस ऐप को अब डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का मुख्य प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, नया ऐप नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड, इलाज, बीमा और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं तक आसान और सुरक्षित पहुंच उपलब्ध कराएगा।

नए ऐप की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि उपयोगकर्ता इसमें अपनी आभा (ABHA) हेल्थ आईडी बना सकेंगे। इसके माध्यम से मेडिकल रिकॉर्ड, जांच रिपोर्ट, प्रिस्क्रिप्शन और इलाज से जुड़े सभी दस्तावेज डिजिटल रूप में सुरक्षित रखे जा सकेंगे। आवश्यकता पड़ने पर मरीज अपने डॉक्टर या अस्पताल के साथ यह रिकॉर्ड आसानी से साझा भी कर सकेंगे, जिससे इलाज की प्रक्रिया अधिक सरल और तेज होगी।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के पास मेडिकल रिपोर्ट, लैब टेस्ट या अन्य दस्तावेज पीडीएफ अथवा फोटो के रूप में मौजूद हैं, तो ऐप में उपलब्ध आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक उन्हें पढ़कर स्वतः डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड में परिवर्तित कर देगी। इससे प्रत्येक उपयोगकर्ता का एक व्यक्तिगत डिजिटल हेल्थ डैशबोर्ड तैयार होगा, जिसमें उसकी पूरी स्वास्थ्य जानकारी व्यवस्थित रूप से उपलब्ध रहेगी।

ऐप में रहेंगे सारे हेल्थ रिकॉर्ड

आरोग्य सेतु 2.0 केवल मेडिकल रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह एक हेल्थ ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म के रूप में भी कार्य करेगा। इसमें उपयोगकर्ता हार्ट रेट, ब्लड शुगर, रोजाना चले गए कदमों की संख्या, कैलोरी बर्न और अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेतकों को रिकॉर्ड कर सकेंगे। इसके अलावा स्मार्टवॉच, फिटनेस बैंड और अन्य वेयरेबल डिवाइस को भी इस ऐप से जोड़ा जा सकेगा, जिससे स्वास्थ्य संबंधी डेटा स्वतः अपडेट होता रहेगा।

परिवार के सभी सदस्यों का स्वास्थ्य रिकॉर्ड भी अब एक ही अकाउंट में प्रबंधित किया जा सकेगा। उपयोगकर्ता अपने माता-पिता, जीवनसाथी और बच्चों की प्रोफाइल जोड़कर उनके मेडिकल रिकॉर्ड, जांच रिपोर्ट और इलाज से जुड़ी जानकारी एक ही जगह देख सकेंगे। इससे पूरे परिवार के स्वास्थ्य प्रबंधन को आसान बनाया गया है।

आरोग्य सेतु 2.0 में जीपीएस आधारित सुविधा भी जोड़ी गई है, जिसके जरिए उपयोगकर्ता अपने आसपास के अस्पताल, क्लिनिक, डॉक्टर और डायग्नोस्टिक सेंटर आसानी से खोज सकेंगे। इसके साथ ही ई-रक्तकोष (e-RaktKosh) सुविधा के माध्यम से नजदीकी ब्लड बैंकों में उपलब्ध रक्त की जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी जानकारी

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) से जुड़े लाभार्थियों के लिए भी यह ऐप काफी उपयोगी होगा। इसमें पीएम-जेएवाई वॉलेट के माध्यम से उपयोगकर्ता यह देख सकेंगे कि उनके इलाज के लिए कितना बीमा कवर उपलब्ध है, कितना खर्च हो चुका है और परिवार के किस सदस्य ने कितना लाभ लिया है। इसके अलावा निजी स्वास्थ्य बीमा की जानकारी और बीमा क्लेम की स्थिति भी ऐप में देखी जा सकेगी।

ऐप में आयुष्मान भारत योजना से जुड़े कैशलेस अस्पतालों की खोज भी आसान होगी। उपयोगकर्ता राज्य, जिला, पिन कोड, विशेषज्ञता या अस्पताल के नाम के आधार पर सूचीबद्ध अस्पतालों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि उपयोगकर्ताओं की निजता और डेटा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। ऐप में 'माई कंसेंट' फीचर जोड़ा गया है, जिसके तहत स्वास्थ्य संबंधी किसी भी रिकॉर्ड को साझा करने का पूरा अधिकार केवल उपयोगकर्ता के पास रहेगा। उसकी स्पष्ट अनुमति के बिना कोई भी व्यक्ति या संस्था उसके स्वास्थ्य रिकॉर्ड तक पहुंच नहीं बना सकेगी। यही सुविधा आरोग्य सेतु 2.0 को एक सुरक्षित, आधुनिक और व्यापक डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म बनाती है।

यह भी पढ़ेंः-ISRO की बड़ी कामयाबी: सेमी-क्रायोजेनिक इंजन का 175 टन थ्रस्ट पर सफल टेस्ट, अंतरिक्ष मिशनों की राह आसान
 

अन्य प्रमुख खबरें