नई दिल्ली: भारत में प्रीमियम स्मार्टफोन की बिक्री फेस्टिव सीजन में इस साल 18 प्रतिशत तक बढ़ सकती है। साइबरमीडिया रिसर्च (सीएमआर) की रिपोर्ट के अनुसार, प्रीमियम स्मार्टफोन के सेगमेंट में यह वृद्धि उपभोक्ताओं की बदलती प्राथमिकताओं और उच्च-प्रदर्शन डिवाइस की मांग के कारण संभव हो सकती है। यह वृद्धि न केवल स्मार्टफोन की संख्या में बल्कि बाजार वैल्यू में भी 24 प्रतिशत तक हो सकती है।
सीएमआर रिपोर्ट में बताया गया कि प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट, जिसमें 50,000 रुपए से 1,00,000 रुपए तक की कीमत के स्मार्टफोन आते हैं, में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, 1,00,000 रुपए और उससे अधिक कीमत वाले अपर-प्रीमियम स्मार्टफोन का बाजार सालाना आधार पर 167 प्रतिशत बढ़ सकता है। यह वृद्धि फ्लैगशिप स्मार्टफोन की मांग में उछाल के कारण संभव हो रही है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट को जेनरेशन जी और मिलेनियल उपभोक्ताओं का विशेष समर्थन मिल रहा है, जो अपनी डिजिटल जीवनशैली के अनुरूप पावरफुल डिवाइस की तलाश में हैं। इस बदलाव को रेखांकित करते हुए, सीएमआर के उद्योग अनुसंधान समूह के उपाध्यक्ष प्रभु राम ने कहा कि बढ़ती सुलभता और सामर्थ्य संबंधी पहलों के साथ, अब अधिक उपभोक्ता नई प्रीमियम डिवाइस खरीदना चाह रहे हैं। एंड्रॉइड स्मार्टफोन बाजार में परफॉर्मेंस, डिजाइन और ऑन-डिवाइस एआई की मांग बढ़ी है।

उपभोक्ताओं के अनुभव पर ध्यान केंद्रित करते हुए, रिपोर्ट में बताया गया कि स्नैपड्रैगन जैसे प्रीमियम चिपसेट उच्च-प्रदर्शन उपकरणों के मुख्य प्रवर्तक हैं। ये चिपसेट मल्टीटास्किंग, इमर्सिव गेमिंग, प्रो-ग्रेड कैमरा और एडवांस एआई जैसे अनुभव प्रदान करने में सक्षम हैं। स्नैपड्रैगन चिपसेट से संचालित प्रीमियम एंड्रॉइड स्मार्टफोन ने 40 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल की है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि इस सेगमेंट में स्नैपड्रैगन की स्थिति मजबूत हो रही है।
मार्केट शेयर के संदर्भ में, जुलाई 2025 में सैमसंग 28 प्रतिशत, एप्पल 23 प्रतिशत और ओप्पो 11 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ अग्रणी थे। विशेष रूप से, एप्पल की स्थिति मजबूत है क्योंकि उसने आईफोन 17 सीरीज लॉन्च की है और पुरानी पीढ़ी के आईफोन की निरंतर मांग का लाभ उठा रहा है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि आगामी त्योहारी सीजन में 85 प्रतिशत उपभोक्ता अपनी डिवाइस को अपग्रेड करने की योजना बना रहे हैं।
अन्य प्रमुख खबरें
Realme 16टी 5जी: 50MP Sony AI कैमरा के साथ कंटेंट क्रिएटर्स के लिए नया गेम-चेंजर
स्मार्टफोन नहीं, यह तो प्रोफेशनल कैमरा है: sony xperia 1 viii के साथ फिर पलटी बाजी
अब AI करेगा आपकी ट्रिप प्लान! इक्सिगो ने लॉन्च किया स्मार्ट ट्रैवल असिस्टेंट ‘तारा’
गूगल-एप्पल की बड़ी पहल: अब iPhone और Android चैट होगी पूरी तरह सुरक्षित