स्वच्छ भारत अभियान के दावों की खुली पोल, टैक्सी स्टैंड पर गंदगी का अंबार

खबर सार :-
यात्रियों की लगातार आवाजाही के बीच, यहाँ कूड़े के ढेर जमा हो जाते हैं, जिससे आम जनता को असुविधा होती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि संबंधित कर्मचारी और अधिकारी इस समस्या पर ध्यान देने में विफल साबित हो रहे हैं।

स्वच्छ भारत अभियान के दावों की खुली पोल, टैक्सी स्टैंड पर गंदगी का अंबार
खबर विस्तार : -

शाहजहांपुरः शाहजहांपुर में एक ओर जहां स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए जगह-जगह संदेश लिखे जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर के प्रमुख स्थानों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। छावनी परिषद क्षेत्र स्थित रोडवेज बस अड्डे के निकट टैक्सी स्टैंड पर फैली गंदगी ने स्वच्छता अभियान के दावों की पोल खोल कर रख दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों को हो रही भारी परेशानी

टैक्सी स्टैंड शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री वाहनों का संचालन होता है। यहां टेंपो, मैजिक और अन्य सार्वजनिक वाहन लगातार आते-जाते रहते हैं। यात्रियों की भीड़ के बीच परिसर में जगह-जगह कूड़ा फैला रहता है, जिससे लोगों को दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। दीवारों पर “कूड़ा कूड़ेदान में ही डालें” जैसे संदेश लिखे होने के बावजूद आसपास सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल दिखाई दे रही है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि टैक्सी स्टैंड का नियमित ठेका होता है और यहां से वाहन संचालकों द्वारा सवारी भरने का कार्य किया जाता है। इसके बदले परिषद को राजस्व भी प्राप्त होता है, लेकिन इसके बावजूद सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि यहां नियमित सफाई कराई जाए और स्थायी रूप से सफाई कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाए तो स्थिति में सुधार हो सकता है।

सफाई अभियान चलाने की मांग

व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन शिकायतों के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। गंदगी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और संक्रमण फैलने का खतरा भी बना हुआ है। लोगों ने आरोप लगाया कि स्वच्छ भारत अभियान केवल दीवारों पर लिखे नारों तक सीमित होकर रह गया है।

स्थानीय नागरिकों ने छावनी परिषद प्रशासन से मांग की है कि टैक्सी स्टैंड और रोडवेज क्षेत्र में नियमित सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही कूड़ेदान की पर्याप्त व्यवस्था और सफाई कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सके और स्वच्छ भारत अभियान का उद्देश्य धरातल पर भी दिखाई दे।
 

अन्य प्रमुख खबरें