Sri Ganganagar: श्री गुरुनानक कृष्णा मंदिर समिति करवाएगी जरूरतमंद बेटियों का सामूहिक विवाह

खबर सार :-
श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश उत्सव को समर्पित, 11 ज़रूरतमंद युवतियों के लिए छठा सामूहिक विवाह समारोह रविवार, 15 मार्च को श्री गंगानगर के 'एच' ब्लॉक में स्थित 'श्री गुरु नानक कृष्ण मंदिर समिति' द्वारा आयोजित किया जाएगा।

Sri Ganganagar: श्री गुरुनानक कृष्णा मंदिर समिति करवाएगी जरूरतमंद बेटियों का सामूहिक विवाह
खबर विस्तार : -

श्रीगंगानगर: राजस्थान के श्रीगंगानगर में स्थित श्री गुरुनानक कृष्णा मंदिर की ओर से समाज सेवा की एक प्रेरणादायक पहल की जा रही है। मंदिर समिति द्वारा 15 मार्च को 11 जरूरतमंद कन्याओं का छठा सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन गुरु नानक देव के पावन प्रकाश उत्सव को समर्पित होगा। इस सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम को लेकर मंदिर समिति और शहरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

पिछले 5 वर्षों से लगातार हो रहा आयोजन

मंदिर समिति के अध्यक्ष मनजीत सिंह मंड ने मंदिर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि यह सामूहिक विवाह समारोह पिछले पांच वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराना और समाज में सेवा तथा मानवता का संदेश फैलाना है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक विवाह समारोह नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने का एक बड़ा प्रयास है।

समारोह की पूर्व संध्या यानी 14 मार्च की शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष प्रस्तुति होगी। इस दौरान लेडीज संगीत, पारंपरिक ‘जागो’ और मेहंदी की रस्में भी निभाई जाएंगी। सांस्कृतिक संध्या में क्षेत्र के प्रसिद्ध कलाकार गुरमुख मुसाफिर और अबोहर के लोकप्रिय कलाकार मनजोत (मनु) प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा बॉलीवुड गायिका अशमिता जैन, फतेह सिंह मोहाली, चन्नी सुख-चैन, अमित भाटिया म्यूजिकल ग्रुप, वीनस मट्टू, सतवीर चहल मूसेवाला, सतवीर सरां हनुमानगढ़, राजा हंटर और रश्मि लहोरिया जैसे कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बनाएंगे। कार्यक्रम में भांगड़ा और गिद्दा जैसे पारंपरिक लोकनृत्य भी पेश किए जाएंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन एंकर हनी द्वारा किया जाएगा।

समिति के पदाधिकारी करेंगे बारात का स्वागत

समिति अध्यक्ष ने बताया कि 15 मार्च को सुबह 10 बजे मंदिर समिति के पदाधिकारी सभी बारातों का स्वागत करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे सभी जोड़ों का विवाह उनके धर्म की परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। हिंदू परंपरा के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ फेरे करवाए जाएंगे, जबकि सिख परंपरा के अनुसार आनंद कारज की रस्म निभाई जाएगी। विवाह समारोह मंदिर के सामने लगाए गए विशाल पंडाल में आयोजित होगा, जहां विशेष कीर्तन दीवान भी सजाया जाएगा।

समारोह के दौरान अरदास के बाद श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग प्रसाद ग्रहण करेंगे। कार्यक्रम के अंत में शाम करीब चार बजे नवविवाहित जोड़ों को विदाई दी जाएगी। मंदिर समिति की ओर से सभी नवदंपतियों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए जरूरी घरेलू सामान भी भेंट किया जाएगा, ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत सम्मान और आत्मविश्वास के साथ कर सकें।

नवविवाहत जोड़ों को आशीर्वाद देने की अपील

मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन की तैयारियां कई दिनों से चल रही हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अनेक सेवादार लगातार सहयोग कर रहे हैं। प्रेस वार्ता के दौरान संस्था के महासचिव मुनीश कुमार लढ्ढा, चिंतापूर्णी सभ्य संकीर्तन मंडल के प्रधान तरसेम नागपाल, सुनील बिश्नोई (एमडी ऑक्सफोर्ड ग्रुप एवं जिलाध्यक्ष अखिल भारतीय बिश्नोई युवा संगठन), कैप्टन राजू वाल्मीकि, सन्नी चावला, विक्की, पंडित राधेश्याम शर्मा, निर्मल सिंह, महेंद्र स्टूडियो, ओमप्रकाश वितरना, सुखविंदर सिंह, सुमनदीप कौर, हरतेज सिंह, राजकुमार नारंग, जगदीप जग्गा, केवल डामा, पवन कुमार अरोड़ा, माइकल ढाका, नरेश कुमार, रमेश कुमार, बिल्लू बादशाह और जितेंद्र कुमार सहित कई समाजसेवी मौजूद रहे।

समिति अध्यक्ष मनजीत सिंह मंड ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस सामाजिक और धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दें और इस सेवा कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में समानता, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।

अन्य प्रमुख खबरें