एक अप्रैल से शुरू होगी श्रीगंगानगर से खाटूश्याम के लिए रोडवेज बस सेवा, श्रद्धालुओं को होगा लाभ

खबर सार :-
हनुमानगढ़ डिपो को हाल ही में पांच नई बसें आवंटित की गई हैं 1 अप्रैल से इन नई बस सेवाओं के शुरू होने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और प्रमुख धार्मिक व शैक्षिक केंद्रों से बेहतर संपर्क स्थापित होगा।

एक अप्रैल से शुरू होगी श्रीगंगानगर से खाटूश्याम के लिए रोडवेज बस सेवा, श्रद्धालुओं को होगा लाभ
खबर विस्तार : -

श्रीगंगानगर: राजस्थान पथ परिवहन निगम के हनुमानगढ़ डिपो को हाल ही में पांच नई बसें आवंटित की गई हैं, जिससे रोडवेज बेड़े में बसों की संख्या बढ़ गई है। हनुमानगढ़ डिपो के चीफ मैनेजर श्री हामिद अली ने बताया कि इन नई बसों में से तीन बसों की सेवाएं 1 अप्रैल से शुरू की जा रही हैं।

ये सेवाएं भी रहेंगी शामिल

इन नई सेवाओं में श्रीगंगानगर से खाटू श्यामजी, हनुमानगढ़ से सालासर और हनुमानगढ़ से सीकर नॉन स्टॉप सेवा शामिल हैं। श्री हामिद अली के अनुसार, श्रीगंगानगर से खाटू श्यामजी बस सेवा प्रतिदिन प्रातः 9:15 बजे श्रीगंगानगर से रवाना होगी। हनुमानगढ़ जंक्शन पर यह 10:50 बजे और टाउन से 11:05 बजे होकर सायं 6:30 बजे खाटू श्याम पहुंचेगी। वहीं खाटू श्याम से बस प्रातः 8:00 बजे रवाना होकर शाम 4:00 बजे हनुमानगढ़ पहुंचेगी।

इस मार्ग पर हनुमानगढ़ जंक्शन से खाटू श्याम का किराया 380 रुपए निर्धारित किया गया है। महिला और वरिष्ठ नागरिकों के लिए किराया 205 रुपए रहेगा, जबकि 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को राज्य सरकार के निर्देशानुसार निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी।

1 अप्रैल से होगी शुरूआत

इसके अलावा, हनुमानगढ़ से सीकर मार्ग पर सेमी-डीलक्स नॉन एसी बस सेवा भी 1 अप्रैल से शुरू होगी। यह बस प्रातः 6:30 बजे हनुमानगढ़ से चलकर 11:30 बजे सीकर पहुंचेगी और वापसी में 3:10 बजे रवाना होकर रात्रि 8:00 बजे हनुमानगढ़ पहुंचेगी। इस मार्ग का किराया 365 रुपए तय किया गया है, जबकि महिला और वरिष्ठ नागरिकों के लिए किराया 195 रुपए रहेगा। 80 वर्ष से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को यहाँ भी निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी।

हनुमानगढ़ से सालासर मार्ग पर पूर्व में बस सेवा उपलब्ध थी, लेकिन वाहनों की कमी के कारण इसे बंद कर दिया गया था। अब 1 अप्रैल 2026 से यह सेवा पुनः प्रारंभ होगी। यह बस हनुमानगढ़ जंक्शन से दोपहर 2:15 बजे चलकर रात्रि 8:00 बजे सालासर पहुंचेगी। सालासर से यह प्रातः 6:15 बजे रवाना होकर दोपहर 12:30 बजे हनुमानगढ़ पहुंचेगी। इस मार्ग का किराया 275 रुपए तय किया गया है, महिला और वरिष्ठ नागरिकों के लिए 150 रुपए रहेगा, और 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क सुविधा प्रदान की जाएगी।
 

अन्य प्रमुख खबरें